Middle East Crisis: पश्चिमी एशिया में जारी भीषण संघर्ष के बीच, भारत के लिए ऊर्जा सुरक्षा के मोर्चे पर एक बड़ी और सकारात्मक खबर सामने आई है। शिप-ट्रैकिंग प्लेटफॉर्म 'वेसेलफाइंडर' के डेटा के अनुसार, भारत का एक और विशाल एलपीजी टैंकर, 'ग्रीन सान्वी', समुद्री मार्ग 'स्टेट ऑफ होर्मुज' (Strait of Hormuz) को सुरक्षित पार कर आगे बढ़ रहा है।
युद्ध शुरू होने के बाद से यह सातवां भारतीय एलपीजी करियर है, जिसने इस बेहद तनावपूर्ण क्षेत्र से गुजरने का साहस दिखाया और सफलतापूर्वक पार किया। यह खबर भारत के लिए बड़ी राहत लेकर आई है, क्योंकि देश अपनी एलपीजी जरूरतों का एक बड़ा हिस्सा इसी मार्ग से आयात करता है।
LPG टैंकर 'ग्रीन सान्वी' की लाइव ट्रैकिंग रिपोर्ट
शिप-ट्रैकिंग प्लेटफॉर्म के ताजा डेटा के मुताबिक, भारतीय टैंकर 'ग्रीन सान्वी' ने ओमान की खाड़ी (Gulf of Oman) के सबसे चुनौतीपूर्ण हिस्से को पार कर लिया है। यह जहाज अरब सागर की ओर बढ़ रहा है। होर्मुज जलडमरूमध्य के पास स्थित 'लारक-केश्म चैनल' को पार करने के बाद अब यह जहाज गहरे समुद्र में है, जहाँ युद्ध का खतरा तटीय इलाकों की तुलना में कम माना जाता है।
- अंतिम ज्ञात स्थिति (Last Position): ओमान की खाड़ी (24.162° / 58.914°)
- गति (Speed): 14.2 समुद्री मील (Knots)
- दिशा (Course): 128° (दक्षिण-पूर्व की ओर, भारत की दिशा में)
- AIS स्थिति: 'Under Way Using Engine' (इंजन के साथ गतिशील)
- कॉल साइन (Call Sign): VVRL
- सुरक्षा संकेत: "Indian Ship, Indian Crew"
ट्रैकिंग के दौरान सबसे महत्वपूर्ण बात यह देखी गई है कि जहाज के AIS (Automatic Identification System) सिग्नल पर "Indian Ship, Indian Crew" का टेक्स्ट लगातार फ्लैश हो रहा है। यह एक सामरिक कदम है ताकि ईरान या किसी अन्य पक्ष की नौसेना को यह स्पष्ट रहे कि यह जहाज किसी भी संघर्ष का हिस्सा नहीं है।
'ग्रीन सान्वी' ने होर्मुज पार करते समय अपनी लाइटें और ट्रैकिंग सिस्टम को इस तरह सेट किया था कि इसकी पहचान भारतीय जहाज के रूप में स्पष्ट रहे।
अन्य भारतीय टैंकरों का अपडेट
ट्रैकिंग विवरण यह भी बताता है कि जहा 'ग्रीन सान्वी' ने सफलतापूर्वक रास्ता बना लिया है, वहीं 'जग विक्रम' (Jag Vikram) और 'ग्रीन आशा' (Green Asha) अभी भी होर्मुज के पास ही अपनी स्थिति बनाए हुए हैं। 'जग विक्रम' वर्तमान में धीमी गति से चल रहा है, जबकि 'ग्रीन आशा' ने अभी तक जलडमरूमध्य के मुख्य हिस्से में प्रवेश नहीं किया है और वे सुरक्षा मंजूरी का इंतजार कर रहे हैं।
'ग्रीन सान्वी' में 58,811 मीट्रिक टन LPG, भारत की ऊर्जा जरूरतों के लिए अहम
लगभग 58,811 मीट्रिक टन क्षमता वाला 'ग्रीन सान्वी' बड़े एलपीजी कैरियर्स की श्रेणी में आता है। इतनी बड़ी मात्रा में रसोई गैस का भारत पहुँचना घरेलू जरूरतों के लिहाज से अत्यंत महत्वपूर्ण है।
खाड़ी देशों में जारी तनाव के कारण अक्सर यह डर बना रहता है कि तेल और गैस की सप्लाई चेन बाधित हो सकती है, जिससे भारत में ईंधन की किल्लत और कीमतें बढ़ सकती हैं। ऐसे समय में, 'ग्रीन सान्वी' का सुरक्षित रूप से होर्मुज पार करना भारत की ऊर्जा रणनीति और आपूर्ति स्थिरता के लिए एक बड़ी कामयाबी मानी जा रही है।
हालांकि, यह टैंकर भारत के किस पोर्ट पर आएगा, इसके बारे में अभी कोई आधिकारिक जानकारी सामने नहीं आई है, लेकिन इसके सुरक्षित मार्ग पर होने से ऊर्जा मंत्रालय ने राहत की सांस ली है।
वैश्विक ऊर्जा सप्लाई के लिए होर्मुज का महत्व और भारत का रणनीतिक दांव
बता दें कि स्टेट ऑफ होर्मुज दुनिया के सबसे अहम और रणनीतिक समुद्री मार्गों में से एक है, जहाँ से वैश्विक तेल और गैस का लगभग 20% हिस्सा गुजरता है। इस क्षेत्र में किसी भी तरह का तनाव न केवल भारत, बल्कि पूरी दुनिया की ऊर्जा आपूर्ति और कीमतों को सीधे तौर पर प्रभावित कर सकता है।
भारत जैसे देश के लिए, जो अपनी एलपीजी जरूरतों का एक बड़ा हिस्सा आयात करता है, इन टैंकरों का सुरक्षित पहुँचना घरेलू अर्थव्यवस्था और सामाजिक स्थिरता के लिए अनिवार्य है।
'ग्रीन सान्वी' ने होर्मुज को अपेक्षाकृत सुरक्षित माने जाने वाले 'लारक-केश्म चैनल' के रास्ते पार किया है।