हिमाचल प्रदेश में सड़क हादसों का सिलसिला थमने का नाम नहीं ले रहा है। चंबा के बाद अब सिरमौर जिले में एक और दर्दनाक हादसा सामने आया है, जहां एक कार गहरी खाई में गिर गई। इस हादसे में दो लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि तीसरा व्यक्ति गंभीर रूप से घायल है।
यह दुर्घटना सिरमौर जिले की नौहराधार तहसील के चड़ाना क्षेत्र के पास देर रात हुई। बताया जा रहा है कि एक स्विफ्ट कार अनियंत्रित होकर सड़क से फिसल गई और सीधा गहरी खाई में जा गिरी।
रात 3 बजे हुआ हादसा
पुलिस के मुताबिक हादसा रात करीब 3 बजे हुआ। कार (HP 88A 6058) में कुल तीन लोग सवार थे। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि दो लोगों ने मौके पर ही दम तोड़ दिया।
मृतकों की पहचान
हादसे में झारखंड निवासी गुलशन और शिमला निवासी नरेश कुमार की मौत हो गई है। दोनों के शवों को खाई से निकालकर पोस्टमार्टम के लिए सिविल अस्पताल राजगढ़ भेजा गया है।
चालक की हालत गंभीर
कार चला रहे विपिन कुमार, जो कांगड़ा जिले के रहने वाले हैं, इस हादसे में गंभीर रूप से घायल हो गए। उन्हें इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उनकी हालत नाजुक बनी हुई है।
पुलिस जांच में जुटी
हादसे की सूचना मिलते ही संगड़ाह पुलिस मौके पर पहुंची और राहत-बचाव कार्य शुरू किया। पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है और दुर्घटना के कारणों की जांच की जा रही है। जिला सिरमौर के पुलिस अधीक्षक निश्चित सिंह नेगी ने भी हादसे की पुष्टि की है।