MP सरकार को बर्खास्त कर राष्ट्रपति शासन लगाया जाए: किसान संगठन
मध्यप्रदेश के मंदसौर में किसानों पर हुई गोलीबारी में 6 लोगों की मौत हो गई है।

मध्यप्रदेश के मंदसौर जिले में कल किसान आंदोलन के दौरान गोलीबारी से आठ लोगों की मौत का दावा करते हुए दो किसान संगठनों ने आज मांग की कि प्रदेश सरकार को तत्काल बर्खास्त करते हुए राष्ट्रपति शासन लागू किया जाए।
राष्ट्रीय किसान मजदूर संघ (आरकेएमएस) के अध्यक्ष शिव कुमार शर्मा ने यहां संवाददाताओं से कहा, ‘हमें मिल रही सूचनाओं के मुताबिक मंदसौर जिले में प्रदेश सरकार के इशारे पर कल किसानों पर गोलीबारी से पाटीदार समुदाय के छह लोगों समेत आठ व्यक्तियों की मौत हुई है।
लेकिन प्रदेश सरकार इस मामले में फिलहाल केवल पांच लोगों की मौत की पुष्टि कर रही है।' उन्होंने हालांकि अपने दावे के समर्थन में आठ मृतकों के नामों का खुलासा नहीं किया।
‘कक्काजी' के नाम से मशहूर 65 वर्षीय किसान नेता ने कहा, ‘मंदसौर जिले में जिन किसानों की मौत हुई, उन पर कमर के उपर गोलियां दागी गईं थीं।
यह दिखाता है कि प्रदेश सरकार ने किसानों के आंदोलन को कुचलने के लिये उन पर गोलियां चलवायीं। यह सरकार जनता का नैतिक समर्थन खो चुकी है।
ऐसी सरकार को फौरन बर्खास्त कर प्रदेश में तत्काल राष्ट्रपति शासन लागू किया जाए।' आम किसान यूनियन के अध्यक्ष केदार सिरोही ने भी मंदसौर जिले में गोलीबारी में किसानों की मौत पर आक्रोश व्यक्त किया और प्रदेश सरकार को तत्काल बर्खास्त कर राष्ट्रपति शासन लागू करने की मांग की।
उन्होंने कहा कि 10 जून के बाद पूरे प्रदेश में क्रमबद्ध तरीके से जेल भरो आंदोलन चलाया जायेगा और राज्य सरकार के खिलाफ विरोध प्रदर्शन किये जाएंगे।
पाटीदार समुदाय के स्थानीय नेता त्रिलोक गोठी ने भी दावा किया कि मंदसौर जिले में किसान आंदोलन में गोलीबारी से उनके समुदाय के छह लोगों समेत आठ व्यक्तियों की मौत हुई है।
गोठी ने कहा, ‘अगर मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान मंदसौर जिले में पाटीदार समुदाय के शोकसंतप्त परिवारों से मिलने जाएंगे, तो हम इसका पुरजोर विरोध करेंगे।'
और पढ़े: Haryana News | Chhattisgarh News | MP News | Aaj Ka Rashifal | Jokes | Haryana Video News | Haryana News App