किसानों ने भेजा CM शिवराज को नोटिस
हजारों किसानों ने वादाखिलाफी के विरोध स्वरूप डाकघर पहुंचकर रजिस्टर्ड डाक से मुख्यमंत्री के नाम कानूनी नोटिस भेजा।

धान के बोनस और समर्थन मूल्य को लेकर हमलावर कांग्रेस ने अब सरकार से इस मुद्दे पर कानूनी लड़ाई का मन बना लिया है। हजारों किसानों ने वादाखिलाफी के विरोध स्वरूप डाकघर पहुंचकर रजिस्टर्ड डाक से मुख्यमंत्री के नाम कानूनी नोटिस भेजा।
बुधवार से प्रारंभ आंदोलन के पहले चरण में रायपुर से 472 किसानों ने कानूनी नोटिस भेजा है, जबकि प्रदेशभर से किसान कांग्रेस ने 5800 से अधिक नोटिस भेजने की बात कही है। किसान कांग्रेस के नोटिस भेजने की प्रक्रिया की वजह से बुधवार को बहुत देर तक डाकघर में भीड़ लगी रही।
किसान कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष चंद्रशेखर शुक्ला ने बताया, मुख्यमंत्री ने चुनाव के समय किसानों को 2100 रुपए समर्थन मूल्य और 300 रुपए बोनस देने का वादा किया था। आज तक इस वादे को पूरा नहीं किया गया है।
कांग्रेस ने इस मुद्दे पर सड़क से लेकर सदन तक लड़ाई लड़ी। इसके बावजूद कोई राहत नहीं मिली। यही वजह है, अब सरकार को कानूनी मोर्चे पर घेरने की कोशिश की जाएगी।
कानूनी नोटिस का जवाब नहीं दिए जाने पर न्यायालय में जाकर याचिका दायर की जाएगी। किसी भी सूरत में कांग्रेस किसानों को उनका हक दिलाने के लिए प्रतिबद्ध है।
मप्र की घटना पर भड़के
किसान कांग्रेस ने मध्यप्रदेश में किसानों पर गोलीबारी और 6 किसानों की मौत पर नाराजगी जताई है। संगठन के पदाधिकारियों ने जयस्तंभ चौक पहुंचकर किसानों को श्रद्धांजलि दी।
पदाधिकारियों ने कहा, कांग्रेस अब देशभर में किसानों के हित में लड़ाई लड़ेगी। किसानों को फसल की सही कीमत दिलाने की कोशिश की जाएगी।
ये रहे मौजूद
किसान कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष चंद्रशेखर शुक्ला के साथ शहर कांग्रेस अध्यक्ष विकास उपाध्याय, ग्रामीण कांग्रेस अध्यक्ष नारायण कुर्रे, विनय तिवारी, बाबा खान, सिद्धार्थ चंद्रा, राजेश पांडे, विरेंद्र दुबे, जेपी वर्मा, मनीष बंछोर, उमेश रागड़े, संजू वर्मा, धर्म साहू, राजू साहू, मनीष राव, सौरभ सिंह समेत बड़ी संख्या में किसान शामिल रहे।
और पढ़े: Haryana News | Chhattisgarh News | MP News | Aaj Ka Rashifal | Jokes | Haryana Video News | Haryana News App