बस खाई में गिरी 6 लोगों की मौत, 34 घायल
हादसे के बाद मध्यप्रदेश के खाद्य मंत्री ओम प्रकाश धुर्वे ने अस्पताल पहुंचकर मरीजों के स्वास्थ्य की जानकारी प्राप्त की।

मध्यप्रदेश के डिंडोरी से करीब पांच किलोमीटर दूर जोगी टिकरिया गांव के पास आज सुबह एक बस अनियंत्रित होकर खाई में गिर गई जिससे उसमें सवार कम से कम छह यात्रियों की मौत हो गई तथा 34 अन्य लोग घायल हो गए।
घायलों में आठ की हालत गंभीर बतायी जा रही है। कोतवाली पुलिस थाना प्रभारी शिवलाल मरकाम ने बताया कि जोगी टिकरिया घाट पर हुए बस हादसे में छह लोगों की मौत हुई है।
इनमें से चार की मौत मौके पर हुई, जबकि एक व्यक्ति की उपचार के लिए जबलपुर ले जाते समय तथा एक व्यक्ति ने अस्पताल में दम तोड़ दिया।
उन्होंने कहा कि इस हादसे में 34 लोग घायल हुए हैं। घायलों में से 26 को डिंडोरी जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जबकि आठ गंभीर रुप से घायल यात्रियों का उपचार जबलपुर में चल रहा है।
मरकाम ने बताया कि हादसे के वक्त यह बस जबलपुर से डिंडोरी आ रही थी। हादसे के बाद मध्यप्रदेश के खाद्य मंत्री ओम प्रकाश धुर्वे ने अस्पताल पहुंचकर मरीजों के स्वास्थ्य की जानकारी प्राप्त की।
धुर्वे ने बताया कि उन्होंने सभी घायलों को इलाज तथा दस-दस हजार रुपये की आर्थिक सहायता देने के निर्देश दिए हैं।
बस में फंसे लोगों को निकाला
मरकाम ने बताया कि हादसे की खबर मिलते ही सिटी कोतवाली और यातायात पुलिस के अमले ने बस में फंसे लोगों को निकालकर अस्पताल में भर्ती कराया।
उन्होंने कहा कि हादसे की जानकारी मिलने के बाद जिला कलेक्टर अमित तोमर एवं पुलिस अधीक्षक सिमाला प्रसाद सहित कई वरिष्ठ अधिकारी मौके पर पहुंचे और राहत अभियान का जायजा लिया। उन्होंने कहा कि घटना की जांच चल रही है।
और पढ़े: Haryana News | Chhattisgarh News | MP News | Aaj Ka Rashifal | Jokes | Haryana Video News | Haryana News App