बिग बाजार में मोम लगा सेब बेचा जा रहा था 250 रुपए प्रति किलो, खाद्य एवं औषधि विभाग की टीम ने की कार्रवाई
सादे सेब पर वैक्स (मोम) लगाकर उसे 250 रुपए प्रति किलो के हिसाब से बेचा जा रहा है। डिस्प्ले में रखे गए सेब के पैकेट में वैक्स लगाने का नहीं लिखा गया था। सोमवार को खाद्य एवं औषधि विभाग की टीम ने डीबी मॉल स्थित बिग बाजार में चमकाकर 250 रुपए प्रति किलो बेचे जा रहे सेब की जांच की।

भोपाल। सादे सेब पर वैक्स (मोम) लगाकर उसे 250 रुपए प्रति किलो के हिसाब से बेचा जा रहा है। डिस्प्ले में रखे गए सेब के पैकेट में वैक्स लगाने का नहीं लिखा गया था। सोमवार को खाद्य एवं औषधि विभाग की टीम ने डीबी मॉल स्थित बिग बाजार में चमकाकर 250 रुपए प्रति किलो बेचे जा रहे सेब की जांच की। टीम ने जब सेब के ऊपर लगे चमकदार मोम को चाकू से हटाया तो उसकी चमक खत्म हो गई। टीम ने यहां से सेब के तीन सैंपल लिए हैं। जिसकी जांच लेबोरेटरी में कराई जाएगी।
राजधानी के बड़े स्टोर में सेब को चमकाने के लिए मोम का इस्तेमाल किया जा रहा है। स्टोर संचालक इसका जिक्र भी डिस्प्ले में नहीं कर रहे हैं। जबकि खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम इसका उल्लेख करना अनिवार्य है। ऐसा ही एक मामला डीबी मॉल में संचालित बिग बाजार में सामने आया। यहां चमक दिखाकर 250 रुपए किलो सेब बेचा जा रहा था।
खाने लायक है या नहीं वैक्स की होगी जांच
मुख्य खाद्य सुरक्षा अधिकारी डीके वर्मा की टीम ने स्टोर में रखे फलों की जांच की तो उसमें चमक दिखी। टीम ने इस संबंध में जानकारी मांगी तो प्रबंधक ने माना कि इसमें मोम लगाई गई है, लेकिन कौन सी इसका जवाब वो नहीं दे सका। यही नहीं डिस्प्ले में इसका जिक्र नहीं करने पर मुख्य खाद्य सुरक्षा अधिकारी ने नाराजगी जताई। सेब का सैंपल लेकर जांच के लिए भेज गया, वहीं बिग बाजार को नोटिस भी जारी किया गया है।
वैक्स से कैंसर का खतरा
मेडिसिन विशेषज्ञ डॉ धीरज शुक्ला का कहना है कि सेब पर वैक्स लगाया जा सकता है, लेकिन इसके बारे में पता होना चाहिए कि वह खाने लायक है या नहीं। अगर सादा मोम लगाया गया है तो यह पेट की आंत को खराब कर सकता है। हाजमा भी खराब होने का खतरा बढ़ जाता है। लगातार वैक्स लगे सेब खाने से कैंसर होने की संभावना भी रहती है।
और पढ़े: Haryana News | Chhattisgarh News | MP News | Aaj Ka Rashifal | Jokes | Haryana Video News | Haryana News App