Hari bhoomi hindi news chhattisgarh
toggle-bar

बाल रंगकर कोई महाराज जवान नहीं हो सकता- भाजपा सांसद प्रभात झा

राज्यसभा सांसद प्रभात झा का कहना है कि अब प्रदेश में राजा महाराजा की भ्रांतियां टूट चुकी है और जनता विकास के साथ खड़ी हुई है।

बाल रंगकर कोई महाराज जवान नहीं हो सकता- भाजपा सांसद प्रभात झा
X

भोपाल। भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष एवं राज्यसभा सांसद प्रभात झा का कहना है कि अब प्रदेश में राजा महाराजा की भ्रांतियां टूट चुकी है और जनता विकास के साथ खड़ी हुई है। मुंगावली और कोलारस में उपचुनाव में भाजपा जनादेश के जरिए कांग्रेस से दोनों सीटें छीन लेगी। उन्होंने कहा कि वे पूरी ऊर्जा के साथ अपने कार्यकर्ताओं का उत्साह बढ़ाने में लगे हुए है। बाल रंगकर कोई भी महाराज जवान नहीं हो सकता।

सवाल: मुंगावली और कोलारस में उपचुनाव प्रस्तावित है,आप इन दोनों क्षेत्र में भाजपा कितनी चुनौती मानती है?
जवाब: दोनों सीटें कांग्रेस के पास है,पूर्व में भाजपा के पास रही है। लेकिन अगर इन दोनों क्षेत्रों पर नजर डाले,तो यहां से विकास कोसो दूर है। जनता समझ चुकी है,जिससे यहां के लोग भाजपा के साथ है। फिर भी पार्टी पूरी ताकत के साथ इन दोनों विधानसभा क्षेत्रों में प्रचाररत हैं।
सवाल: ये दोनों विधानसभा क्षेत्र कांग्रेस सांसद ज्योतिरादित्य सिंधिया के संसदीय क्षेत्र गुना-शिवपुरी में आती है। ऐसा माना जाता है कि यहां ग्वालियर राजघराने का प्रभाव है?

जवाब: अब राजा- महाराजा की भ्रांतियां पूरी तरह से टूट चुकी है। पिछले 14 साल में सिंधिया एक बार भी क्षेत्र की समस्याओं व विकास के विषय लेकर प्रदेश के मुख्यमंत्री से एक बार भी नहीं मिले। यहीं हाल यहां से विधायक रहे स्व. महेन्द्र सिंह कालूखेड़ा और स्व.रामसिंह यादव दादा का रहा,वे भी विकास को लेकर कभी भी मुख्यमंत्री के पास नहीं पहुंचे। लिहाजा तमाम समस्याएं है।
सवाल: इसके पीछे आप वजह क्या मानते है?
जवाब: गुरुर और घमण्ड। जब विदेश मंत्री सुषमा स्वराज,केन्द्रीय मंत्रीवर नरेन्द्र सिंह तोमर,थावरचंद गहलोत जैसे नेता अपने क्षेत्र की समस्याओं और विकास के लिए मुख्यमंत्री के पास जा सकते है,तो ज्योतिरादित्य सिंधिया क्यों नहीं जा सकते। उन्हें किस बात का गुरुर है। जनता जनार्दन से ज्यादा कोई बड़ा हो ही नहीं सकता।
सवाल: विकास के दृष्टि से इन क्षेत्रों की स्थिति कैसी है?
जवाब: प्रदेश में अगर किसी भी जिले की स्थिति दयनीय है,तो वह गुना अशोकनगर जिला है। पूरे संसदीय क्षेत्र की गरीबी के लिए स्वयं ज्योतिरादित्य सिंधिया दोषी है। उनके सामंती विकास के चलते वहां के विकास का विनाश हुआ है।
सवाल: अगर ऐसी स्थिति है,तो क्या इसका लाभ भाजपा को मिलेगा?
जवाब: देखिए, राजनीति में वैचारिक मतभेद होने चाहिए,विकास में मतभेद नहीं होना चाहिए। इन दोनों क्षेत्रों की जनता समझ चुकी है,कि उनके हितों के लिए क्या किया गया है। जब सामंती विनाश होगा,तभी न विकास दिखेगा और भाजपा इन उपचुनावों को जीतकर विकास का प्रकाश फैलाएंगी।
सवाल: आप किन मुद्दों को लेकर जनता के बीच जाएंगे?
जवाब: निश्चित तौर पर प्रदेश के विकास का विषय। ये इकलौता प्रदेश है,जहां जानवरों के भूसे की कीमत से भी कम जनता को अनाज दिया जा रहा है। भूसा पांच रुपए किलो बिक रहा है,तो किसानों और आम जनता को एक रुपए किलो गेहूं,चावल और नमक मिल रहा है।
सवाल: किसानों की नाराजगी और शिक्षकों के प्रदर्शन को आप किस रुप में देख रहे है?
जवाब: मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान किसानों के सबसे अच्छे और बड़े दोस्त है। अगर किसान दुखी होता है,तो मुख्यमंत्री को चैन नहीं मिलता।किसान और शिवराज एक दूसरे के पर्याय बन गए है। जहां तक शिक्षकों का मामला है,तो उन्हें अपनी बातें रखने का अधिकार है,सीएम संवेदनशील है,वे उन्हें निराश नहीं करेंगे।
सवाल: कांग्रेस दावा कर रहे है,कि भाजपा सरकार की उल्टी गिनती शुरु हो गई है?
जवाब: कांग्रेस विपक्ष की भूमिका तो निभा नहीं पा रही है। कांग्रेस में इस बात की चर्चा ज्यादा हो रही है,कि कौन मुख्यमंत्री बनेगा,न कि सरकार कैसे आएं इसकी चिंता किसी को भी नहीं है। अब इसी से अंदाजा लगाया जा सकता है कि किसकी उल्टी गिनती शुरु हो गई है।

सवाल: प्रदेश अध्यक्ष के पद से नंदकुमार सिंह चौहान की विदाई की खबरें आम है,आप क्या कहते है? आपका नाम भी अगले प्रदेश अध्यक्ष के रुप में लिया जा रहा है?

जवाब: इसे मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान साफ तौर पर पूरी तरह से खारिज कर चुके है। अगले चुनाव में भाजपा की कमान शिवराज सिंह चौहान,नंदकुमार सिंह चौहान,सुहास भगत के हाथ में रहेगा और कमान को संभालकर उनके साथ कंधे से कंधा मिलाकर चलना हम जैसे कार्यकर्ताओं का दायित्व है। मैं पार्टी का कर्मठ कार्यकर्ता हूं। आज तक संगठन की बिना अनुमति के कोई काम नहीं किया और न ही मैंने कभी ऐसी अभिलाषा ही पाली है। पिछले तीन माह में मैंने मुगांवली के 180 गांवों और कोलारस की 150 गांवों का दौरा पूरा कर लिया गया है। 23 जनवरी तक 170 गांवों का दौरा पूरा हो जाएगा।

सवाल: सांसद ज्योतिरादित्य सिंधिया ने आपके बारे में ये कहते हुए टिप्पणी करने से इंकार कर दिया कि वे बुजुर्ग नेता है?
जवाब:मेरा इस बारे में कुछ भी कहना नहीं है,अलबत्ता ये जरुर कहूंगा,कि बाल रंगकर कोई भी महाराज जवान नहीं बन सकता।

और पढ़े: Haryana News | Chhattisgarh News | MP News | Aaj Ka Rashifal | Jokes | Haryana Video News | Haryana News App

और पढ़ें
Next Story