आंखों के सामने कुत्तों ने नोंच डाला मासूम को, बचाने के लिए चीखती रह गई मां Watch Video
राजधानी में शुक्रवार देर शाम एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। जहां कुत्तों के एक झुंड ने 6 साल के मासूम को नोंच-नोंच कर मार डाला।

भोपाल। राजधानी में शुक्रवार देर शाम एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। जहां कुत्तों के एक झुंड ने 6 साल के मासूम को नोंच-नोंच कर मार डाला। यह हृदय विदारक घटना बच्चे के घर से महज 50 मीटर की दूरी पर हुई। जैसे ही लोगों ने देखा की कुत्ते मासूम को काट रहे हैं उन्हें पत्थर मारकर भगाने की कोशिश भी की गई लेकिन करीब 10 मिनट तक कुत्ते तस से मस नहीं हुए।
घटना अवधपुरी स्थित संगम नगर की है। 6 साल का संजू जाटव अपने घर के पास खेल रहा था। पास में ही नाला था। उसी दौरान वहां घूम रहे 6 से 7 आवारा कुत्तों ने उस पर हमला कर दिया। वो बच्चे को घसीट कर नाले के किनारे ले गए और उस पर टूट पड़े। बच्चे को बुरी तरह से जगह-जगह से नोंच दिया। जिसके बाद अस्पताल ले जाने के बाद बच्चे की मौत हो गई। रहवासियों की मानें तो पास में ही एक दूध डेयरी है। जब भी डेयरी के जानवर मरते हैं उन्हें पीछे की ओर फेंक दिया जाता है। कुत्ते इन जानवरों का मांस खाकर और भी खूंखार हो गए हैं।
स्थानीय रहवासी हाकिम सिंह ने बताया कि करीब चार महीने पहले आवारा कुत्ताें के संबंध में नगर निगम के काॅल सेंटर पर शिकायत की थी। निगम की गाड़ी आई और चार कुत्ताें काे पकड़कर ले गई थी। चार-पांच दिन बाद वही गाड़ी आकर छह-सात कुत्ताें काे छाेड़ गई। जाे नए कुत्ते छाेड़े गए थे वे और भी ज्यादा खूंखार हैं।
कुत्तों से बचाने चीखती रह गई मां
हाल ही में आॅपरेशन करा कर आई मां सवित्री कुत्तों के झुंड से जिगर के टुकड़े संजू को नहीं बचा सकी। कुत्तों ने उसके सामने ही बच्चे को नोंच-नोंच कर मार डाला। उनकी भयावहता का अंदाजा इसी से लगा सकते हैं कि जब वह अपने बच्चे को बचाने गई तो सावित्री पर भी झपट पड़े। सावित्री यही कहकर बिलखती रही कि मेरा लाल कुत्तों के डर से कभी भी मुझे बिना बताए घर से बाहर नहीं निकलता था। बेटे की मौत की खबर लगते ही सावित्री की तबीयत बिगड़ गई। वह बच्चे को याद करते बार बार बेसुध हो जाती है।
और पढ़े: Haryana News | Chhattisgarh News | MP News | Aaj Ka Rashifal | Jokes | Haryana Video News | Haryana News App