इंदौर में पीएम मोदी ने कर्ज माफी, बिजली समेत कई मुद्दों पर कांग्रेस पर साधा निशाना, कहा - इस बार का चुनाव भारतीय जनता लड़ रही है
पीएम ने कहा कि 2019 का चुनाव केवल भारतीय जनता पार्टी नहीं लड़ रही है बल्कि 2019 का चुनाव भारतीय जनता लड़ रही है। 130 करोड़ देशवासी इस चुनाव का नेतृत्व कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि मेरी निष्ठा, मेरी नीयत और मेरी नीति का आकलन कम ज्यादा तो हो सकता है, लेकिन कोई खोट नहीं निकाल सकता, ये मैं विश्वास के साथ कह सकता हूं।

इंदौर। इंदौर में सभा को संबोधित करते हुए पीएम नरेंद्र मोदी ने कांग्रेस पर जमकर निशाना साधा। इस दौरान पीएम ने प्रदेश की कमलनाथ सरकार को भी आड़े हांथों लिया। पीएम ने कहा कि आपको याद होगा की विधानसभा चुनाव के दौरान एक नामदार यहां आकर कह गए थे कि मेक इन इंदौर और मेक इन मंदसौर फ़ोन बनाऊंगा, इतना गाजे बाजे से कहा और यहां की मीडिया ने उसे छापा भी। लेकिन कांग्रेस के पूरे मेनिफेस्टो में इसका उल्लेख तक नहीं है। इसके साथ ही पीएम मोदी ने कर्ज माफी को लेकर भी कांग्रेस सरकार पर जमकर पलटवार किया।
भारतीय जनता लड़ रही है चुनाव - पीएम मोदी ने कहा कि 2014 का चुनाव एंटी इनकम्बेंसी का था, 2019 का चुनाव प्रो इनकम्बेंसी का है। 2014 में भ्रष्टाचार, वंशवाद और पॉलिसी पैरालिसिस के खिलाफ आक्रोश चरम पर था। 2019 में जनता का विश्वास चरम पर है। पीएम ने कहा कि 2019 का चुनाव केवल भारतीय जनता पार्टी नहीं लड़ रही है बल्कि 2019 का चुनाव भारतीय जनता लड़ रही है। 130 करोड़ देशवासी इस चुनाव का नेतृत्व कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि मेरी निष्ठा, मेरी नीयत और मेरी नीति का आकलन कम ज्यादा तो हो सकता है, लेकिन कोई खोट नहीं निकाल सकता, ये मैं विश्वास के साथ कह सकता हूं।
पीएम ने कहा कि कांग्रेस का अहंकार तीन शब्दों में प्रकट होता है। ये तीन शब्द कांग्रेस के अहंकार की पहचान हैं। ये तीन शब्द देश के लोगों की तरफ कैसे देखती है उसका जीता जागता सबूत है। ये तीन शब्द हैं- 'हुआ तो हुआ। उन्होंने कहा कि वाद के पेड़ पर चढ़कर इन लोगों को पार्टी की कमान तो मिल सकती है, लेकिन सोच और विजन नहीं मिल सकता। जब विजन नहीं होता, जब ट्रैक रिकॉर्ड ठीक नहीं होता तो झूठ फैलाना पड़ता है। यही कारण है कि आज कांग्रेस देश की डिफेंस पॉलिसी, हमारी रक्षा नीतियों पर चर्चा नहीं कर सकती।
और पढ़े: Haryana News | Chhattisgarh News | MP News | Aaj Ka Rashifal | Jokes | Haryana Video News | Haryana News App