हिंदू विरोधी रवैया के विरोध में सीएम हाउस का आज घेराव करेंगे भाजपा विधायक सुरेंद्रनाथ सिंह
पूर्व विधायक एवं भाजपा नेता सुरेंद्रनाथ सिंह ने जिला प्रशासन पर हिंदू विरोधी रवैया अपनाने का आरोप लगाते हुए कहा कि वे इसके विरोध में सोमवार को मुख्यमंत्री निवास का घेराव करेंगे।

भोपाल। पूर्व विधायक एवं भाजपा नेता सुरेंद्रनाथ सिंह ने जिला प्रशासन पर हिंदू विरोधी रवैया अपनाने का आरोप लगाते हुए कहा कि वे इसके विरोध में सोमवार को मुख्यमंत्री निवास का घेराव करेंगे। उन्होंने कहा सोमवार को जिला प्रशासन और सरकार के खिलाफ भोपाल के सभी हिंदू संगठन, धार्मिक संगठन, सामाजिक संगठन, सभी दुर्गा उत्सव समिति, गणेश उत्सव समिति, के कार्यकतार्ओं द्वारा विशाल प्रदर्शन कर प्रशासन को उसकी जिम्मेदारी का अहसास कराएंगे।
सुरेन्द्रनाथ सिंह ने आरोप लगाया है कि जिला प्रशासन अपनी नाकामियां छिपाने के लिए हिन्दू विरोधी रवैया अपना रहा है। पिछले कई दिनों, खास कर गणेश प्रतिमा विसर्जन के दौरान प्रशासनिक लापरवाही से छोटे तालाब में ग्यारह युवाओं के डूबने की दुर्घटना से डरा प्रशासन दुर्गा उत्सव में बाधा डालने की कोशिश कर रहा है। मूर्तिकारों को बुलाकर धमकाया जा रहा है कि वे छह फीट से ज्यादा बड़ी प्रतिमाएं नहीं बनाए। हालांकि मूर्ति कलाकार प्रतिमा निर्माण का काम गणेश उत्सव के पहले से ही कर देते हैं और अधिकांश दुर्गा पंडालों की प्रतिमाओं के निर्माण के आर्डर उन्हें काफी पहले मिल जाते हैं।
भोपाल में गणेशोत्सव पर या फिर दुर्गा उत्सव यानि नवरात्रि के बाद प्रतिमा विसर्जन को कोई नई बात नहीं है, यह हर साल होते हैं। प्रशासन इसके लिए हर तरह की व्यवस्था करता है। और प्रशासन का दायित्व है कि वह धार्मिक चल समारोहों या विसर्जन के दौरान पुख्ता व्यवस्था करें। यह करने की बजाय प्रशासन के आला अफसर और पुलिस अधिकारी दुर्गा प्रतिमाओं के मूर्तिकारों सहित दुर्गा समितियों के आयोजकों को बुलाकर डरा-धमका रहे हैं। इसके अलावा पितृ पक्ष में छोटे तालाब और खटलापुरा घाट पर भी राजधानी के नागरिक पितरों को तर्पण करने के लिए भी जाते हैं। इसके बाद छठ पूजा में भी नागरिक तालाब और जलाशयों का उपयोग अपने धार्मिक रीति रिवाजों के लिए करते हैं। इससे भी आम नागरिकों को रोकने की कोशिश की जा रही है।
और पढ़े: Haryana News | Chhattisgarh News | MP News | Aaj Ka Rashifal | Jokes | Haryana Video News | Haryana News App