Hari bhoomi hindi news chhattisgarh
toggle-bar

संत रविदास जयंती पर सीरगोवर्धन पहुंचीं प्रियंका गांधी, केंद्रीय मंत्री धर्मेंद्र प्रधान ने भी दी गुरु महाराज के दरबार में हाजिरी

कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी इन दिनों उत्तर प्रदेश में खासी सक्रिय हैं। किसान महापंचायतों में शामिल होने के साथ ही वे धार्मिक कार्यक्रमों में भी बढ़-चढ़कर हिस्सा ले रही हैं। प्रियंका पिछले साल भी संत रविदास के दर्शन करने सीरगोवर्धन पहुंची थीं। यह उनका दूसरा दौरा है।

संत रविदास जयंती पर सीरगोवर्धन पहुंचीं प्रियंका गांधी, केंद्रीय मंत्री धर्मेंद्र प्रधान ने भी दी गुरु महाराज के दरबार में हाजिरी
X

संत शिरोमणि गुरु रविदास के दरबार में हाजिरी लगातीं कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी। 

कांग्रेस की राष्ट्रीय महासचिव प्रियंका गांधी ने आज सीरगोवर्धन पहुंचकर संत शिरोमणि श्री गुरु रविदास महाराज की 644 वीं जयंती समारोह में हिस्सा लिया। उन्होंने संत रविदास की प्रतिमा के सामने मत्था टेका। इसके बाद संत निरंजन दास से भी आशीर्वाद लिया। उनसे पहले सुबह करीब साढ़े नौ बजे केंद्रीय पेट्रोलियम मंत्री धर्मेंद्र प्रधान भी संत शिरोमणि गुरु रविदास के दरबार में पहुंचे और संत निरंजन दास से आशीर्वाद लिया। संत रविदास जयंती पर आज सीरगोवर्धन में सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव समेत कई राजनेताओं के आने का कार्यक्रम है।

कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी शनिवार की सुबह 10:30 बजे वाराणसी एयरपोर्ट पहुंची। यहां कांग्रेस के प्रदेशाध्यक्ष अजय सिंह लल्लू, पूर्व सांसद राजेश मिश्रा, पूर्व विधायक अजय राय ने प्रियंका गांधी का स्वागत किया। प्रियंका से मिलने के लिए भारी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता वहां पहुंचे थे। कांग्रेस महासचिव ने हाथ हिलाकर सभी का अभिवादन किया। इसके बाद वे सड़क मार्ग से सीर गोवर्धनपुर में संत रविदास मंदिर के लिए रवाना हो गई। संत शिरोमणि रविदास के जन्मस्थान मंदिर में पहुंचकर उन्होंने सबसे पहले संत शिरोमणि की प्रतिमा पर माथा टेका। इसके बाद उन्होंने संत निरंजन दास से भी आशीर्वाद लिया। प्रियंका गांधी पिछले साल भी संत रविदास के दर्शन करने सीरगोवर्धन पहुंची थीं। यह उनका दूसरा दौरा है।

बता दें कि कांग्रेस महासचिव इन दिनों उत्तर प्रदेश में खासी सक्रिय हैं। किसान महापंचायतों में शामिल होने के साथ ही वे धार्मिक कार्यक्रमों में भी बढ़-चढ़कर हिस्सा ले रही हैं। 11 फरवरी को मौनी अमावस्या पर उन्होंने प्रयागराज जाकर संगम में डुबकी लगाई थी। उन्होंने जगदगुरु गुरु शंकराचार्य स्वामी श्री स्वरूपानंद जी महाराज से मनकामेश्वर मंदिर में मुलाकात कर आशीर्वाद भी लिया था। 23 फरवरी को मथुरा में किसान महापंचायत करने के बाद प्रियंका गांधी वृंदावन गईं थी और ठाकुर बांकेबिहारी जी के दर्शन किए थे।

और पढ़ें
Next Story