कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी ने आगरा की कथित ऑक्सीजन मॉकड्रिल से 22 मौतों पर सरकार को घेरा, पूछा-जिम्मेदार कौन? वायरल वीडियो भी किया शेयर
प्रियंका गांधी ने वायरल हो रहे वीडियो को भी ट्विटर पर शेयर किया है। इसमें अस्पताल का मालिक कह रहा है कि ऑक्सीजन की काफी कमी थी, इसलिए हमने मॉकड्रिल करने का निर्णय लिया। देखिये पूरा वीडियो...

कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी ने कथित ऑक्सीजन मॉकड्रिल को लेकर राज्य सरकार पर साधा निशाना। (प्रतीकात्मक तस्वीर)
आगरा के प्राइवेट हॉस्पिटल में कथित 'ऑक्सीजन मॉकड्रिल' से 22 लोगों की मौत का ऑडियो वायरल होने के बाद सियासत भी गरमा गई है। कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी ने इसे लेकर ट्वीट किया है, जिसमें राज्य सरकार के साथ ही केंद्र की मोदी सरकार पर भी निशाना साधा गया है। प्रियंका गांधी ने सवाल पूछा है कि इन मौतों के लिए जिम्मेदार कौन है। वहीं राहुल गांधी ने भी मामले में कड़ी कार्रवाई की मांग करते हुए मृतकों और उनके परिवार के प्रति संवेदनाएं व्यक्त की हैं।
कांग्रेस की राष्ट्रीय महासचिव प्रियंका गांधी ने अपने ट्वीट में लिखा, "प्रधानमंत्री- 'मैंने ऑक्सीजन की कमी नहीं होने दी', मुख्यमंत्री: 'ऑक्सीजन की कोई कमी नहीं. कमी की अफवाह फैलाने वालों की संपत्ति जब्त होगी.', मंत्री: 'मरीजों को जरूरत भर ऑक्सीजन दें. ज्यादा ऑक्सीजन न दें.' आगरा अस्पताल: 'ऑक्सीजन खत्म थी. 22 मरीजों की ऑक्सीजन बंद करके मॉकड्रिल की.' जिम्मेदार कौन?"
प्रियंका गांधी ने वायरल हो रहे वीडियो को भी ट्विटर पर शेयर किया है। इसमें अस्पताल का मालिक कह रहा है कि ऑक्सीजन की काफी कमी थी। हमने लोगों को समझाया कि इस वक्त मुख्यमंत्री भी ऑक्सीजन नहीं ला सकता। मोदीनगर में भी ऑक्सीजन नहीं थी। कुछ लोगों से अपने मरीजों को डिस्चार्ज करने के लिए कहा गया, लेकिन कोई तैयार नहीं हुआ। इसलिए हमने एक एक्सपेरिमेंट करने का फैसला लिया। 26 अप्रैल को सुबह सात बजे पांच मिनट के लिए हमने ऑक्सीजन सप्लाई बंद कर दी। 22 मरीज छंट गए। उनका शरीर नीला पड़ गया। फिर हमने सप्लाई शुरू कर दी. इसके बाद 74 मरीज बच गए। उनके परिवार वालों से कहा गया कि अपने-अपने ऑक्सीजन सिलिंडर लेकर आओ। "
PM: "मैंने ऑक्सीजन की कमी नहीं होने दी"
— Priyanka Gandhi Vadra (@priyankagandhi) June 8, 2021
CM: "ऑक्सीजन की कोई कमी नहीं। कमी की अफवाह फैलाने वालों की संपत्ति जब्त होगी।"
मंत्री: "मरीजों को जरूरत भर ऑक्सीजन दें। ज्यादा ऑक्सीजन न दें।"
आगरा अस्पताल: "ऑक्सीजन खत्म थी। 22 मरीजों की ऑक्सीजन बंद करके मॉकड्रिल की।"
ज़िम्मेदार कौन? pic.twitter.com/DbiqtILE27
राहुल गांधी ने भी कार्रवाई की मांग
कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने भी इस मामले में कार्रवाई करने की मांग की है। उन्होंने ट्वीट में लिखा, 'बीजेपी शासन में ऑक्सीजन और मानवता दोनों की भारी कमी है। इस खतरनाक अपराध के जिम्मेदार सभी लोगों के खिलाफ तुरंत कार्रवाई होनी चाहिए। दुख की इस घड़ी में मृतकों के परिवारजनों को मेरी संवेदनाएं।'
प्रशासन ने दे दिए हैं जाच के आदेश
बता दें कि जिला प्रशासन ने इस मामले की जांच के आदेश दे दिए हैं। मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक आगरा के डीएम प्रभु नारायण सिंह ने ऑक्सीजन की कमी से सात मरीजों की मौत की पुष्टि की है। उन्होंने कहा कि 26 और 27 अप्रैल को ऑक्सीजन की कथित कमी के चलते सात मरीजों की निजी अस्पताल में मौत हुई है। इस अस्पताल में भर्ती 22 मरीजों की हालत गंभीर थी। वायरल वीडियो के आधार पर हम इस मामले की पूरी जांच कर रहे हैं।