Hari bhoomi hindi news chhattisgarh
toggle-bar

Kalyan Singh Updates : पीएम मोदी ने लखनऊ पहुंचकर किए कल्याण सिंह के अंतिम दर्शन, दोपहर बाद अलीगढ़ ले जाया जाएगा पार्थिव शरीर

कल्याण सिंह के पार्थिव शरीर को 11 से एक बजे तक विधानसभा में रखा जाएगा। इसके बाद ढाई बजे तक भाजपा कार्यालय में लोग उनके अंतिम दर्शन कर पाएंगे।

Kalyan Singh Updates : पीएम मोदी ने लखनऊ पहुंचकर किए कल्याण सिंह के अंतिम दर्शन, दोपहर बाद अलीगढ़ ले जाया जाएगा पार्थिव शरीर
X

प्रधानमंत्री ने लखनऊ पहुंचकर पूर्व मुख्यमंत्री कल्याण सिंह के पार्थिव शरीर के दर्शन किए और श्रद्धांजलि अर्पित की। 

उत्तर प्रदेश के दो बार सीएम रहे कल्याण सिंह (Kalyan Singh) के आखिरी दर्शन करने पीएम नरेंद्र मोदी (PM Narendra Modi) लखनऊ स्थित उनके आवास पर पहुंचे और अपनी श्रद्धांजलि अर्पित की। 11 बजे तक कल्याण सिंह का पार्थिव शरीर उनके आवास पर ही रखा गया। इसके बाद पार्थिव शरीर को विधानसभा में आखिरी दर्शन (Last Glimpse) के लिए ले जाया गया। ढाई बजे तक भाजपा कार्यालय (BJP Office) में पार्थिव शरीर को रखने के बाद साढ़े तीन बजे एयरपोर्ट से अलीगढ़ (Aligarh) ले जाया जाएगा। कल बुलंदशहर के नरौरा में गंगा किनारे उनका अंतिम संस्कार होगा। कल्याण सिंह के निधन पर यूपी में तीन दिन का राजकीय शोक है, वहीं उनके कार्यकाल के दौरान यूपी का हिस्सा रहे उत्तराखंड (Uttarakhand) में भी एक दिन का राजकीय शोक घोषित किया गया है।

यूपी के सीएम और राजस्थान के राज्यपाल रहे कल्याण सिंह के अंतिम दर्शन करने के लिए लखनऊ पहुंचे प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा कि हमने एक सामर्थ्यवान नेता खोया है। मैं भगवान प्रभु श्री राम के चरणों में प्रार्थना करता हूं कि प्रभु राम कल्याण सिंह जी को अपने चरणों में स्थान दें। प्रभु राम उनके परिवार को इस दुख की घड़ी में इस दुख को सहन करने की शक्ति दें।

पार्टी कार्यालय में पीएम नरेंद्र मोदी की मौजूदगी में जेपी नड्डा ने कल्याण सिंह के पार्थिव शरीर को भाजपा के झंडे से ढंका। कल्याण सिंह ने एक भाषण के दौरान इच्छा जताई थी कि जब उनकी मौत हो तो शव भाजपा के झंडे में ही जाए। रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह भी कल्याण सिंह के अंतिम दर्शन करने पहुंचे। उन्होंने शोकाकुल परिवार को अपनी संवेदनाएं व्यक्त कीं।

इससे पूर्व यूपी के सीएम योगी आदित्यनाथ ने पूर्व मुख्यमंत्री कल्याण सिंह को उनके निवास स्थान पर पहुंचकर श्रद्धांजलि अर्पित की। उन्होंने कल्याण सिंह के निधन को प्रदेश के लिए ऐसी क्षति बताया है, जिसकी कभी भरपाई नहीं हो सकती।

बसपा सुप्रीमो मायावती ने भी पार्थिव शरीर के आखिरी दर्शन कर उनकी आत्मा की शांति के लिए प्रार्थना की। उन्होंने कहा कि कल्याण सिंह के निधन पर हमारी पार्टी गहरा दुख प्रकट करती है और कुदरत से प्रार्थना करती है कि उनके परिवार को इस दुख को सहन करने की शक्ति प्रदान करें। यूपी के डिप्टी सीएम डॉ. केशव प्रसाद मौर्य, यूपी बीजेपी प्रदेशाध्यक्ष स्वतंत्रदेव सिंह सहित सत्ता पक्ष और विपक्ष के तमाम नेता उनके आखिरी दर्शन करने पहुंचे।

उत्तराखंड में एक दिन का राजकीय शोक

उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि कल्याण सिंह के निधन से हम सब दुखी है। जब वे उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री हुआ करते थे, उस वक्त उत्तराखंड भी उत्तर प्रदेश का हिस्सा होता था इसलिए उत्तराखंड के लोग उन्हें अपने दिलों में रखते हैं। हमने एक दिन का राजकीय शोक घोषित किया है।

और पढ़ें
Next Story