बदायूं में शारीरिक संबध बनाने से इनकार करने पर नवविवाहिता को किया टॉर्चर, हैवानियत में पति ने भी दिया साथ, हालत नाजुक
अस्पताल में भर्ती महिला की हालत गंभीर बताई जा रही है। पुलिस ने मामले में आरोपी पति और सास-ससुर समेत सात लोगों के खिलाफ केस दर्ज किया है।

प्रतीकात्मक तस्वीर।
उत्तर प्रदेश के बदायूं में शादी के तीसरे दिन ही नवविवाहिता को बुरी तरह से टॉर्चर किया गया। शारीरिक संबंध बनाने से इनकार करने पर उसे न केवल बुरी तरह पीटा गया, बल्कि आरोप है कि उसके प्राइवेट पार्ट्स पर भी चोट पहुंचाई गई। बुरी तरह से घायल नवविवाहिता को अस्पताल में भर्ती कराया गया है। पुलिस को मामले की शिकायत दे दी गई है।
मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक उस्मानपुर गांव के सुनील की शादी सहसवान के गांव मुडारी सिधारपुर की उर्मिला के साथ 21 जून को हुई थी। लड़की के परिजनों का कहना है कि पहले दिन से ही उनकी बेटी को ससुराल में परेशान किया जाने लगा। इस व्यवहार से उर्मिला बेहद परेशान थी। उसे अपने आने वाली जिंदगी को लेकर तरह-तरह की शंकाए हो रही थीं।
बताया जा रहा है कि इन्हीं शंकाओं के चलते उसने अपने पति के साथ शारीरिक संबंध बनाने से इनकार कर दिया। आरोप है कि इसके बाद पति सुनील ने अपने परिजनों के साथ मिलकर उर्मिला को बुरी तरह से पीटा। उसके शरीर को गर्म चिमटों से दागा गया। यहां तक कि उसके गुप्तांग पर भी चोट के निशान मिले हैं। एसएसपी बदायूं संकल्प शर्मा का कहना है कि पीड़िता का अस्पताल में इलाज चल रहा है। मामले में आरोपी पति और सास-ससुर समेत सात लोगों के खिलाफ केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है।