Hari bhoomi hindi news chhattisgarh

UP Mission 2022 : जेपी नड्डा 'जीत का गुरुमंत्र' देकर बोले- देश में अभी भी मोदी की लहर, दोहराया ये संकल्प...

यूपी में आगामी चुनाव को लेकर सभी दल कमर कस चुके हैं। किसान महापंचायतों (Kisan Mahapanchayat) को यूपी विधानसभा चुनाव की तैयारियों के रूप में ही देखा जा रहा है। ऐसे में भाजपा अध्यक्ष जेपी नड्डा का दो दिवसीय वाराणसी दौरा बेहद महत्वपूर्ण है।

UP Mission 2022 : जेपी नड्डा जीत का गुरुमंत्र देकर बोले- देश में अभी भी मोदी की लहर, दोहराया ये संकल्प...
X

भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा का एयरपोर्ट पर स्वागत किया गया। सीएम योगी आदित्यनाथ भी मौजूद रहे। (फोटो-एएनआई)

यूपी मिशन 2022 की रणनीति बनाने के लिए भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा वाराणसी पहुंच गए हैं। अपने दो दिवसीय दौरे के पहले दिन नड्डा ने काशी क्षेत्र के नेताओं और कार्यकर्ताओं की बैठक ली। उन्होंने कार्यकर्ताओं को 'मेरा बूथ-सबसे मजबूत' अभियान पर मेहनत से काम करने का संकल्प दिलाते हुए आगामी चुनावों में जीत का गुरुमंत्र भी दिया। कहा कि अभी देश में प्रधानमंत्री मोदी की लहर चरम पर है। ऐसे में कार्यकर्ता पूरे उत्साह के साथ चुनाव की तैयारियों में जुट जाएं।

भाजपा अध्यक्ष ने कहा कि हमें बूथ लेवल पर फिर से मजबूती के साथ काम करने की जरूरत है। प्रत्येक कार्यकर्ता अपने बूथ को मजबूत करे। बूथ की जीत ही विधानसभा चुनाव की जीत में बदलेगी। उन्होंने कहा कि यूपी सरकार ने प्रदेश सरकार ने पिछले चार साल और केंद्र सरकार ने पिछले छह साल में जनहित की जो योजनाएं लागू की हैं, उससे शोषित और वंचित लोगों के जीवन में सकारात्मक बदलाव आया है। अब कार्यकर्ताओं की जिम्मेदारी है कि वे लोगों के घर-घर जाकर केंद्र और प्रदेश सरकार के कार्यों को सामने रखें। नड्डा ने कहा कि देश में अभी भी प्रधानमंत्री मोदी की लहर चल रही है। जनता उनके कार्यों से खुश है। ऐसे में पूरे उत्साह के साथ चुनाव की तैयारियां करें।

इससे पूर्व भाजपा अध्यक्ष का वाराणसी पहुंचने पर सीएम योगी आदित्यनाथ ने एयरपोर्ट पर उनका स्वागत किया। प्रदेश प्रभारी राधा मोहन सिंह, प्रदेश संगठन महामंत्री सुनील बंशल, केंद्रीय मंत्री स्मृति ईरानी समेत कई नेता वाराणसी पहुंचे हैं। नड्डा शाम 4.30 बजे रोहनिया में बने काशी क्षेत्र के पार्टी कार्यालय का उद्धघाटन करने जाएंगे। शाम को स्थानीय नेताओं और कार्यकर्ताओं से मिलने का कार्यक्रम है।

विपक्ष दे रहा चुनौती

यूपी में आगामी चुनाव को लेकर सभी दल कमर कस चुके हैं। किसान महापंचायतों (Kisan Mahapanchayat) को यूपी विधानसभा चुनाव की तैयारियों के रूप में ही देखा जा रहा है। किसान आंदोलन के मुद्दे पर जिस तरह से समाजवादी पार्टी, कांग्रेस, राष्ट्रीय लोकदल पार्टी की किसान महापंचायतों में भीड़ उमड़ रही है, उससे विपक्षी नेताओं का उत्साह चरम पर है। हालात यहां से समझे जा सकते हैं कि आम आदमी पार्टी भी यहां पर राजनीतिक जमीन तलाशने के लिए आज किसान महापंचायत करने जा रही है।

मेरठ में होने वाली इस किसान महापंचायत को संबोधित करने आप सुप्रीमो अरविंद स्वयं आ रहे हैं। वहीं कांग्रेस की बात करें तो पार्टी की राष्ट्रीय महासचिव प्रियंका गांधी सबसे ज्यादा सक्रिय नजर आ रही हैं। वे किसान महापंचायतों के साथ ही धार्मिक स्थलों पर भी जा रही हैं ताकि सॉफ्ट हिंदुत्व का संदेश जनता को दिया जा सके। ऐसे में भाजपा ने भी यूपी मिशन 2022 की तैयारियां शुरू कर दी हैं।

और पढ़ें
Next Story