Hari bhoomi hindi news chhattisgarh
toggle-bar

UP Budget 2022: अखिलेश यादव ने राहुल गांधी जैसा बताया तो सीएम योगी बोले- ज्यादा अंतर नहीं, जानिये मामला?

यूपी विधानसभा में बजट सत्र के आखिरी दिन सपा प्रमुख अखिलेश यादव ने अपने संबोधन के दौरान राहुल गांधी का जिक्र किया। इससे पूरा सदन हंसने लगा। इसके बाद जब सीएम योगी ने सदन को संबोधित किया तो फिर से पूरा सदन हंसने लगा। यही नहीं, सीएम योगी ने न केवल अखिलेश यादव पर तंस कसा बल्कि राहुल गांधी को भी निशाने पर ले लिया। पढ़िये यह रिपोर्ट...

UP Budget 2022: अखिलेश यादव ने राहुल गांधी जैसा बताया तो सीएम योगी बोले- ज्यादा अंतर नहीं,  जानिये मामला?
X

यूपी के सीएम योगी आदित्यनाथ बजट सत्र 2022 के आखिरी दिन सदन को संबोधित करते हुए। 

उत्तर प्रदेश विधानमंडल के बजट सत्र (UP Budget Session 2022) के आखिरी दिन सीएम योगी आदित्यनाथ (CM Yogi Adityanath) ने जहां सरकार की उपलब्धियां गिनवाईं तो वहीं नेता प्रतिपक्ष अखिलेश यादव (Akhilesh Yadav) पर तंज कसे। उन्होंने अखिलेश यादव के बजट पर भाषण को बहका हुआ बताया। यही नहीं, सीएम योगी ने अखिलेश के बयान का हवाला देकर कांग्रेस नेता राहुल गांधी (Rahul Gandhi) पर भी निशाना साधने से नहीं चूके।

मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक सीएम योगी आदित्यनाथ ने कहा कि उत्तर प्रदेश में कई राजनीतिक दलों की सरकार रही है। सपा और बसपा के अलावा कांग्रेस ने लंबे समय तक शासन किया। बीजेपी की भी सरकार बनी। जनता को हमने दोबारा चुना क्योंकि वो समस्या नहीं बल्कि समाधान करने वाली सरकार चाहती है।

उन्होंने कहा कि हमारी सरकार बड़ी से बड़ी समस्या पर ज्यादा विचार नहीं करती, बल्कि उसके समाधान की दिशा में जुट जाती है। कोरोना महामारी आई थी, तब भी चर्चा उठी कि सबसे ज्यादा आबादी वाला उत्तर प्रदेश का बुनियादी ढांचा सही नहीं है। बड़ी आबादी वाला यह राज्य इस चुनौती से कैसे निपटेगा। उन्होंने कहा कि पीएम मोदी के मार्गदर्शन में राज्य सरकार कोरोना महामारी के खिलाफ लड़ाई में जुटी और हमारे प्रयास देखकर यह महामारी भाग गई।

अखिलेश यादव और राहुल पर कसा तंज

सीएम योगी ने कहा कि सत्ता पक्ष के साथ विपक्ष की भी जिम्मेदारी होती है। आज नेता प्रतिपक्ष ने जो बयान दिया है, वो बहका हुआ है। उन्होंने कहा कि विपक्ष बजट पर चर्चा करने से भटकी रही। हमने विकास के कार्यों पर ज्यादा राशि खर्च की, यूपी में प्रति व्यक्ति की आय को दोगुना किया।

सीएम योगी ने अखिलेश यादव पर तंज कसा। उन्होंने कहा कि नेता प्रतिपक्ष बता रहे थे कि वो एक स्कूल में गए तो बच्चे ने उन्हें राहुल गांधी के रूप में पहचाना, बच्चे मन के सच्चे होते हैं, भोले भाले होते हैं, जो कहा होगा सोच कर कहा होगा, वैसे भी दोनों में कोई बड़ा अंतर नहीं है। उन्होंने अखिलेश पर निशाना साधते हुए कहा कि राहुल देश से बाहर बुराई करते हैं, आप प्रदेश से बाहर करते हैं। इसमें कोई भी अंतर नहीं है।

उन्होंने कहा कि सदन में सोच समझकर टिप्पणी होनी चाहिए। नेता प्रतिपक्ष कहते हैं समाजवाद है, अच्छा है कि उन्होंने इसे सराहा, दीनदयाल उपाध्याय जी ने अंतिम पायदान के व्यक्ति को सशक्त बनाने की अंत्योदय की भावना लाई थी। उन्होंने कहा कि इस दिशा में भाजपा सरकार 8 वर्ष से परिकल्पना साकार कर रही है। सीएम योगी ने कहा कि हम सभी को सच्ची भावना के साथ कार्य करना है, तभी जनता हमें पसंद करेगी। उन्होंने सदन के संचालन के लिए सभी का भी आभार जताया।

और पढ़ें
Next Story