कोरोना पॉजिटिव पाए गए कांग्रेस विधायक गजेंद्र सिंह शक्तावत का निधन, पार्टी में शोक की लहर
वल्लभनगर से कांग्रेस विधायक गजेन्द्र सिंह शक्तावत का बुधवार सुबह नई दिल्ली में इलाज के दौरान निजी अस्पताल में निधन हो गया। निधन की सूचना मिलते ही उदयपुर जिले व खासकर वल्लभनगर क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई।

कांग्रेस विधायक गजेंद्र सिंह शक्तावत का निधन
जयपुर। राजस्थान में कांग्रेस पार्टी को बड़ा झटका लगा है। यहां वल्लभनगर से कांग्रेस विधायक गजेन्द्र सिंह शक्तावत (Gajendra Singh Shaktawat) का बुधवार सुबह नई दिल्ली में इलाज के दौरान निजी अस्पताल में निधन हो गया। निधन की सूचना मिलते ही उदयपुर जिले व खासकर वल्लभनगर क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई। वे कुछ दिनों से बीमार चल रहे थे। पारिवारिक सूत्रों के अनुसार शेखावत 48 लीवर संक्रमण से पीड़ित थे और वह कोरोना वायरस से भी संक्रमित पाए गये थे। उनके परिवार में पत्नी, बेटा व दो बेटियां हैं। मुख्यमंत्री अशोक गहलोत, पूर्व उपमुख्यमंत्री सचिन पायलट, कांग्रेस प्रदेशाध्यक्ष गोविंद सिंह डोटासरा व अन्य नेताओं ने विधायक शक्तावत के निधन पर शोक जताया है।
मुख्यमंत्री गहलोत ने शोक व्यक्त करते हुए ट्वीट किया कि कांग्रेस विधायक गजेंद्र शक्तावत के असामयिक निधन पर मेरी गहरी संवेदनाएं। काफी समय से वे बीमार थे, उनके स्वास्थ्य को लेकर पिछले 15 दिन से मैं परिवारजन और डॉक्टरों के संपर्क में था। गहलोत ने शोक संतप्त परिजनों को संबल देने की प्रार्थना की है।
कांग्रेस विधायक श्री गजेंद्र शक्तावत के असामयिक निधन पर मेरी गहरी संवेदनाएं। काफी समय से वे बीमार थे, उनके स्वास्थ्य को लेकर पिछले 15 दिन से मैं परिवारजन और डॉक्टर शिव सरीन के संपर्क में था।
— Ashok Gehlot (@ashokgehlot51) January 20, 2021
पूर्व उपमुख्यमंत्री पायलट ने शक्तावत को हमेशा अपने निर्वाचन क्षेत्र के विकास के लिए समर्पित रहने वाले विनम्र प्रतिनिधि के रूप में याद करते हुए शोक जताया। पार्टी प्रदेशाध्यक्ष गोविंद सिंह डोटासरा सहित अनेक नेताओं ने विधायक शक्तावत के निधन पर शोक जताया है। शक्तावत दूसरी बार विधायक चुने गए थे। वे पिछले साल जुलाई में मुख्यमंत्री गहलोत के नेतृत्व के खिलाफ बगावत करने वाले पायलट खेमे में थे।
राज्य में अब तक चार विधायकों का अचानक हुआ निधन
उल्लेखनीय है कि राज्य में अब तक चार विधायकों का असामयिक निधन हो चुका है जिनमें कांग्रेस के तीन व भाजपा के एक विधायक शामिल हैं। इनमें सत्तारूढ़ कांग्रेस के विधायक मास्टर भंवर लाल मेघवाल (सुजानगढ़) व कैलाश त्रिवेदी (सहाड़ा) और भाजपा की विधायक किरण महेश्वरी (राजसमंद) शामिल हैं।