राजीव गांधी की जयंती पर बोले अमरिंदर सिंह, पूर्व पीएम के आधुनिक भारत के सपने से भारतीय नागरिकों की आकांक्षाओं को मिला बल
पंजाब के मुख्यमंत्री अमरिंदर सिंह ने बृहस्पतिवार को पूर्व प्रधानमंत्री राजीव गांधी की जयंती पर उन्हें याद किया और कहा कि आधुनिक भारत बनाने के उनके सपने से सभी भारतीयों की आकांक्षाओं को बल मिला।

चंडीगढ़। पंजाब के मुख्यमंत्री अमरिंदर सिंह ने बृहस्पतिवार को पूर्व प्रधानमंत्री राजीव गांधी की जयंती पर उन्हें याद किया और कहा कि आधुनिक भारत बनाने के उनके सपने से सभी भारतीयों की आकांक्षाओं को बल मिला।
अमरिंदर सिंह ने ट्वीट किया कि पूर्व प्रधानमंत्री राजीव गांधी की 76वीं जयंती पर हम उन्हें याद कर रहे हैं। आधुनिक भारत के उनके सपने से सभी भारतीयों की आकांक्षाओं को बल मिला। आइये हम उनके सपने को सच करने के संकल्प के साथ उन्हें याद करें। बता दें कि राजीव गांधी का जन्म 20 अगस्त 1944 को हुआ था। वह 1984 से 1989 तक भारत के प्रधानमंत्री थे।
बोले- कोरोना को लेकर गंदी राजनीति कर रहा विपक्ष
प्रदेश में कोरोना वायरस के बढ़ते मामलों को लेकर पंजाब के मुख्यमंत्री अमरिंदर सिंह ने विधानसभा का एक दिन का सत्र बुलाए जाने को लेकर उनकी सरकार की आलोचना करने के लिए विपक्ष पर निशाना साधते हुए कहा कि ऐसे समय में जब राज्य कोरोना वायरस संकट का सामना कर रहा है, वे राजनीति में उलझे हुए हैं।
शिरोमणि अकाली दल (शिअद) और आम आदमी पार्टी (आप) ने मंगलवार को सरकार पर प्रमुख मुद्दों पर चर्चा से 'दूर भागने' का आरोप लगाते हुए 28 अगस्त को विधानसभा का एक दिन का सत्र बुलाने के लिए उसकी आलोचना की थी।
इन आलोचनाओं पर पलटवार करते हुए मुख्यमंत्री ने एक बयान में विपक्ष पर 'गंदी राजनीति' में लगे होने का आरोप लगाया और शिअद प्रमुख सुखबीर सिंह बादल पर विधायक रहने के दौरान उनकी उपस्थिति के 'दयनीय' आंकड़ों के लिए निशाना साधा।