झारखंड पुलिस में हड़कंप, रांची के कई थानों में पुलिसकर्मी मिले कोरोना पॉजिटिव
इन दिनाें झारखंड पुलिस में हड़कंप मचा हुआ है। राजधानी रांची के कई थानों में पुलिसकर्मी कोरोना संक्रमित पाये गये हैं

इन दिनाें झारखंड पुलिस में हड़कंप मचा हुआ है। राजधानी रांची के कई थानों में पुलिसकर्मी कोरोना संक्रमित पाये गये हैं। जानकारी के मुताबिक धुर्वा, अरगोड़ा, चुटिया, बरियातु, हिंदपीढ़ी थाने से एक-एक पुलिसकर्मी कोरोना पॉजिटिव पाये गये हैं। रांची में शुक्रवार को कुल 27 कोरोना के मरीज मिले। इनमें से 6 पुलिसकर्मी हैं।बरियातू थाने का मुंशी कोरोना संक्रमित पाया गया है। एक रांची पुलिस लाइन का जवान भी संक्रमित मिला है।
प्रदेश में शुक्रवार को कुल 63 कोरोना के नये मरीज मिले। इनमें दुमका के 3, पूर्वी सिंहभूम के 15, गढ़वा के 3, गिरिडीह के 3, लातेहार के 2, कोडरमा के 8, लातेहार के 2 और रांची के 27 मरीज शामिल हैं। इसी के साथ राज्य में कोरोना मरीजों की संख्या बढ़कर 2697 हो गई है। इनमें से 2001 मरीज ठीक हो चुके हैं। जबकि 681 मरीज फिलहाल सक्रिय हैं। 15 मरीज की मौत हो चुकी है।
स्वस्थ होने वाले मरीजों में सबसे ज्यादा 348 लोग सिमडेगा के हैं। सिमडेगा में अबतक 353 कोरोना पॉजिटिव केस मिले हैं। जिनमें से मात्र पांच एक्टिव केस फिलहाल हैं। राज्य में रोजाना कोरोना मरीजों की संख्या में इजाफा होने के बावजूद अच्छे संकेत ये हैं कि 24 में से 10 जिले ऐसे हैं, जहां 10 से कम एक्टिव केस हैं। इनमें दुमका में 06, गोड्डा में तीन, खूंटी में 04, लातेहार में 04, पाकुड़ में 03, पलामू में 08, रामगढ़ में 07 और सिमडेगा में 05 एक्टिव केस शामिल हैं। जबकि जामताड़ा और पश्चिमी सिंहभूम ऐसे जिले हैं जहां फिलहाल कोरोना के एक भी एक्टिव केस नहीं हैं।