शिमला में भूस्खलन, एक की मौत, कई वाहन मलबे में दबे
हिमाचल प्रदेश की राजधानी शिमला में शिमला-सोलन सड़क पर पुराने बैरियर के पास आज हुए भूस्खलन में एक व्यक्ति की जान चली गई जबकि एक अन्य घायल हो गया। कई वाहनों के मलबे में दबे होने की खबर है।

हिमाचल प्रदेश की राजधानी शिमला में शिमला-सोलन सड़क पर पुराने बैरियर के पास आज हुए भूस्खलन में एक व्यक्ति की जान चली गई जबकि एक अन्य घायल हो गया। कई वाहनों के मलबे में दबे होने की खबर है। इस घटना में एक व्यक्ति बाल-बाल बच गया।
जानकारी के मुताबिक ये हादसा आज दोपहर पौने एक बजे हुआ। पुराने बैरियर के पास स्थित हवा घर के ऊपर अचानक भूस्खलन हो गया जिसके चपेट में तीन लोग आए।इनमें से एक व्यक्ति जगदीश ने छलांग लगाकर जान बचा ली जबकि दूसरे को घायल अवस्था में लोगों ने घटनास्थल से निकाला, लेकिन एक व्यक्ति प्यारे लाल भूस्खलन में दब गया और जब तक उसे निकाला जाता तब तक उसकी मौत हो चुकी थी।
प्यारे लाल शिमला जिला के सुन्नी क्षेत्र के मंढोल घाट का रहने वाला था। इस भूस्खलन में घायल व्यक्ति की पहचान प्रेम लाल निवासी चनोग, सुन्नी के रूप में हुई है। पुलिस ने इस संबंध में मामला दर्ज कर जांच आरंभ कर दी है।