हिमाचल युवा कांग्रेस अध्यक्ष चुनाव में वीरभद्र सिंह को झटका, भंडारी ने मारी बाजी
हिमाचल प्रदेश के युवा कांग्रेस का चुनाव परिणाम घोषित कर दिया गया है। जनजातीय जिला किन्नौर से संबंध रखने वाले निगम भंडारी का हिमाचल युवा कांग्रेस का अध्यक्ष बनना तय है।

निगम भंडारी (फाइल फोटो)
हिमाचल प्रदेश के युवा कांग्रेस का चुनाव परिणाम घोषित कर दिया गया है। जनजातीय जिला किन्नौर से संबंध रखने वाले निगम भंडारी का हिमाचल युवा कांग्रेस का अध्यक्ष बनना तय है। उन्हें सबसे अधिक मत प्राप्त हुए हैं। हालांकि, इस चुनाव में अहम बात यह सामने आई है कि वीरभद्र सिंह को झटका लगा है। क्योंकि उनके समर्थित उम्मीदवार को हार का सामना करना पड़ा है।
प्रदेश के युवा कांग्रेस के चुनाव में पूर्व कांग्रेस प्रदेशाध्यक्ष सुखविंदर सिंह सुक्खू गुट से संबंधित निगम भंडारी ने कुल 40,010 वोट लेकर बाजी मारी है। दूसरे नंबर पर पूर्व मुख्यमंत्री वीरभद्र सिंह के करीबी और सरकाघाट से युवा नेता यदोपति ठाकुर को कुल 37,375 वोट मिले हैं। तीसरे नंबर पर अमित पठानिया रहे हैं, उन्हें कुल 5,998 वोट मिले हैं। प्रदेश युंका के चुनाव में कुल 1,16,225 वोट डाले गए, जबकि नोटा में 540 वोट पड़े थे।
नादौन से कांग्रेस विधायक सुखविंद्र सुक्खू हिमाचल प्रदेश कांग्रेस के अध्यक्ष रह चुके हैं। उनका सूबे के छह बार के सीएम रहे और कांग्रेस के दिग्गज नेता वीरभद्र सिंह से 36 का आंकड़ा है। दोनों में मतभेद है और इसका उदाहरण सार्वजनिक मंचों पर कई बार देखने को मिला है। जब हिमाचल में कांग्रेस सरकार थी तो सरकार और संगठन में तकरार थी। वीरभद्र सिंह कई बार सार्वजनिक मंचों पर सुक्खू पर निशाना साधते रहे हैं। यहां तक कि उन्होंने कई बार सुक्खू को हटाने की बातें कही थी। इस दौरान कांग्रेस में गुटबाजी चरम पर रही थी।