हिमाचल न्यूज: भूस्खलन के कारण चंडीगढ़-मनाली हाईवे बंद
हिमाचल प्रदेश के मंडी जिले में चंडीगढ़-मनाली नेशनल हाईवे एक बार फिर से बाधित हो गया है। मंडी जिला के तहत आने वाले दवाड़ा नामक स्थान पर शुक्रवार रात को पहाड़ी से पत्थर गिरने के कारण हाईवे बंद हो गया।

हिमाचल प्रदेश के मंडी जिले में चंडीगढ़-मनाली नेशनल हाईवे एक बार फिर से बाधित हो गया है। मंडी जिला के तहत आने वाले दवाड़ा नामक स्थान पर शुक्रवार रात को पहाड़ी से पत्थर गिरने के कारण हाईवे बंद हो गया। रात को ही पुलिस बल मौके पर तैनात हो गया और मलबा हटाने के लिए सुबह का इंतजार किया गया। लेकिन सुबह तक पहाड़ी से रूक-रूक कर पत्थर गिरते रहे और सुबह भी साढ़े 8 बजे भारी मात्रा में पत्थरों का सैलाब सड़क पर आ गया।
इस घटना को मौके पर मौजूद लोगों ने अपने मोबाईल में कैद भी कर लिया। दोपहर 12 बजे तक अभी यहां पर मलबा हटाने का कार्य शुरू नहीं हो सका है, क्योंकि पहाड़ी से लगतार पत्थरों के गिरने का क्रम जारी है। एसपी मंडी शालिनी अग्निहोत्री ने बताया कि मौके पर औट थाना की पुलिस टीम तैनात है और मंडी से कुल्लू सारा ट्रेफिक वाया बजौरा डायवर्ट किया गया है। जब पत्थरों के गिरने का क्रम बंद होगा तो उसके बाद सावधानिपूर्वक मलबा हटाने का कार्य शुरू कर दिया जाएगा। उन्होंने लोगों से हाईवे पर सावधानिपूर्वक गुजरने की अपील की है।
उल्लेखनीय है कि दो वर्ष पूर्व भी यहां पर भारी मात्रा में भूस्खलन हुआ था, जिसके कारण दो दिनों तक हाईवे बंद रहा था, अब एक बार फिर से इस स्थान पर भूस्खलन का दौर शुरू हो गया है। इस हाईवे पर लगातार लैंडस्लाइड होता रहता है। बीते माह भी हणोगी के पास पहाड़ी से बड़े ब़ड़े पत्थर गिरे थे और इस वजह से दो लोगों की मौत हो गई थी।