HRTC के ऊना डिपो में डीजल खत्म, सवारियों को करना पड़ा परेशानी का सामना
हिमाचल पथ परिवहन निगम की बड़ी लापरवाही सामने आई है। ऊना जिला मुख्यालय पर एचआरटीसी की बसों में आज सुबह डीजल खत्म हो गया। बसों में डीजल न होने के कारण सवारियां परेशान नजर आईँ।

प्रतीकात्मक तस्वीर
हिमाचल पथ परिवहन निगम की बड़ी लापरवाही सामने आई है। ऊना जिला मुख्यालय पर एचआरटीसी की बसों में आज सुबह डीजल खत्म हो गया। बसों में डीजल न होने के कारण सवारियां परेशान नजर आईँ। बस अड्डे पर काफी समय बितने के बाद भी विभाग सवारियों की समस्या का समाधान नहीं कर पाया। अब लंबे रूट पर चलने वाली अधिकतर बसें विभाग के दखल के बाद एडजस्ट करके देरी से भेजी गईं। डीजल की सप्लाई देर शाम तक आने की संभावना जताई जा रही है।
आपको बताते चलें कि डीजल के लिए एडवांस पेमेंट भेजनी होती है, जो शनिवार को भेजी जानी थी। लेकिन किन्ही कारणों से कंपनी को यह पेमेंट नहीं भेजी गई और कंपनी ने डीजल नहीं भेजा। यहां तक कि कल रविवार को भी पेमेंट नहीं भेजी गई। आज सोमवार को पेट्रोल पंप खाली हो गए तो इस बात को लेकर सुबह ही हल्ला हो गया जब बसें बिना डीजल खड़ी हो गईं।
ऊना बस अड्डे पर स्थित इस एचआरटीसी के पेट्रोल पंप से करीब 10 से 15 बसों को डीजल की आपूर्ति की जाती है। ऐसे में ये सभी बसें अब बिना डीजल अपने अपने रूट पर नहीं चल पाएंगी। हालांकि विभाग दावा कर रहा है कि 11 बजे तक सप्लाई शुरू हो जाएगी। लेकिन बैंक से पेमेंट कंपनी के अकॉउंट में आने और उसके बाद डीजल पहुंचने में शाम तक का समय लग ही जाएगा।