Weather Update : हरियाणा के कई हिस्सों में बरसे बादल, दिल्ली में भी बदला मौसम, कल से झमाझम बारिश की उम्मीद
30 जून से हरियाणा व एनसीआर दिल्ली में पवनों का रुख बदल जाएगा और सम्पूर्ण इलाके पर पूर्वी नमी वाली हवाओं का प्रभुत्व स्थापित हो जाएगा जिसकी वजह मानसून के रफ्तार पकड़ने की संभावना बन रही है।

मौसम की जानकारी
Mausam Ki Jankari
बुधवार को हरियाणा व एनसीआर दिल्ली में सुबह से ही आसमान साफ बना हुआ था। सम्पूर्ण इलाके पर पश्चिमी हवाओं का जोर बना हुआ था जिसकी वजह से सुबह से ही धूल भरी तीव्र हवाएं चल रही थी और उमस व पसीने वाली भीषण गर्मी से लोग परेशान थे। इसके बाद पश्चिमी विक्षोभ के सक्रिय होने से हरियाणा के उत्तरी जिलों पंचकूला, अंबाला, यमुनानगर, चंडीगढ़ आदि में तेज़ गति से हवाएं और बारिश की गतिविधियां देखने को मिली और दोपहर को भिवानी के लोहारू, बहल, सरल, बाढड़ा, सतनाली, महेंद्रगढ़, कनीना, अटेली, नांगल चौधरी, नारनौल, कोसली, रेवाड़ी, गुड़गांव में आसमान में बादलों ने डेरा जमा लिया और 30-40 प्रति किलोमीटर की गति से हवाओं के साथ गरज चमक के साथ बारिश दर्ज हुई। जिसकी वजह से सम्पूर्ण इलाके में आमजन को राहत मिली है। जिन स्थानों पर बारिश हुई वहां मौसम सुहावना बन गया है परंतु शेष हरियाणा में उमस और पसीने वाली गर्मी से लोग परेशान रहे।
राजकीय महाविद्यालय के पर्यावरण क्लब के नोडल अधिकारी डॉ चंद्रमोहन ने बताया कि आज हरियाणा व एनसीआर दिल्ली में अधिकतर स्थानों पर अधिकतम तापमान 30.0 डिग्री से 45.1 डिग्री के बीच दर्ज किया गया। बुधवार रात को भी हरियाणा में कुछ स्थानों पर बारिश होने की संभावना है। बुधवार रात और कल अलसुबह को भी पुर्वी हवाओँ व पश्चिमी हवाओँ के टकराव से हरियाणा के दक्षिण-पश्चिम इलाकों व उत्तर-पुर्वी राजस्थान के इलाकों पर बादलो में फुटाव हो रहा है। जिस कारण हरियाणा के भिवानी, दादरी, महेंद्रगढ़, रेवाड़ी, मेवात जिले में हल्की से मध्यम बारिश होगी। इसके अलावा अम्बाला, पंचकूला, यमुनानगर में बादलवाही के बीच हल्की बारिश जारी रहेगी।
30 जून से झमाझम बारिश की उम्मीद
साथ ही 30 जून से हरियाणा व एनसीआर दिल्ली में पवनों का रुख बदल जाएगा और सम्पूर्ण इलाके पर पूर्वी नमी वाली हवाओं का प्रभुत्व स्थापित हो जाएगा जिसकी वजह मानसून गतिविधियों को रफ्तार पकड़ने की प्रबल संभावनाएं बन रही है। जिससे हरियाणा व एनसीआर दिल्ली में राहत की झमाझम बारिश देखने को मिलेगी। भारतीय मौसम विभाग द्वारा सम्पूर्ण इलाके पर येलो और ऑरेंज अलर्ट जारी कर दिया गया है। कल से सम्पूर्ण इलाके में तापमान में गिरावट दर्ज होगी साथ ही साथ आमजन को आफ़त भरी उमस और पसीने वाली गर्मी से राहत मिलेगी।
बुधवार को हरियाणा में बारिश के आंकड़े ( एमएम में )
चंडीगढ़ में 12.8, पंचकूला में 10.0, रेवाड़ी में 9.0, सतनाली में 9.5, महेंद्रगढ़ में 15.0, नारनौल में 6.0, लोहारू में 10.0, अटेली में 8.5, कनीना में 10.0 और नांगल चौधरी में 5.0