पहले मांगी लिफ्ट, आगे जाने से मना किया तो तेजधार हथियार से किया हमला
शहर में धर्मपुरा बस्ती निवासी योगेश बजाज ने शहर थाना पुलिस को बताया वह बृहस्पतिवार रात करीब साढ़े सात बजे घर से स्कूटी पर महम रोड स्थित लक्कड़ आरा पर जा रहा था।

हरिभूमि न्यूज . गोहाना। शहर में भगवान विश्वकर्मा के स्मारक के निकट खड़े व्यक्ति ने स्कूटी सवार युवक से लिफ्ट मांग कर उस पर धारदार हथियार से जानलेवा हमला कर दिया। युवक ने उसे आगे जाने से मना किया तो घटना को अंजाम दिया गया।
युवक को उपचार के लिए नागरिक अस्पताल ले जाया गया। चिकित्सक ने प्राथमिक उपचार के बाद उसे पीजीआइ रोहतक रेफर कर दिया। शहर में धर्मपुरा बस्ती निवासी योगेश बजाज ने शहर थाना पुलिस को बताया वह बृहस्पतिवार रात करीब साढ़े सात बजे घर से स्कूटी पर महम रोड स्थित लक्कड़ आरा पर जा रहा था।
जब वह महम रोड स्थित भगवान विश्वकर्मा चौक के निकट पहुंचा तो वहां एक अनजान व्यक्ति खड़ा मिला। उसके इशारे पर योगेश ने स्कूटी रोक दी और आग्रह करने पर उसे लिफ्ट दे दी। बजाज ने पेट्रोल पंप के निकट पहुंचने पर स्कूटी रोक दी और उस व्यक्ति को उतरने को कहा।
वह योगेश पर आगे तक छोड़ कर आने का दबाव बनाने लगा। योगेश का कहना है कि मना करने पर उस व्यक्ति ने उस पर चाकूनूमा धारदार हथियार से हमला शुरू कर दिया। योगेश की छाती और मुंह पर कई वार किए गए। शोर मचाने पर अनाज व्यक्ति भाग गया।
योगेश की शिकायत पर शहर थाना पुलिस ने अज्ञात व्यक्ति के खिलाफ हत्या के प्रयास का मामला दर्ज करके जांच शुरू कर दी है। थाना के प्रभारी महिपाल सिंह ने कहा कि आरोपित का पता लगाने के लिए घटनास्थल के आसपास में दुकानों व मकानों के बाहर लगे सीसीटीवी की फुटेज को खंगाला जा रहा है।