Tikri Border पर दिल्ली पुलिस अधिकारियों ने किसानों संग की बैठक, जानें क्या हल निकला
पुलिस अधिकारियों की ओर से इन किसान नेताओं को चाय पर आमंत्रित किया गया था।

बैठक में मौजूद पुलिस अधिकारी व किसान नेता।
हरिभूमि न्यूज. बहादुरगढ़
दिल्ली पुलिस ( Delhi Police ) के अधिकारियों ने मंगलवार को किसान नेताओं के साथ बैठक की। टीकरी बॉर्डर ( Tikri Border ) के निकट हुई इस बैठक में दिल्ली पुलिस की ओर से एसीपी महेंद्र सिंह, एसएचओ मुंडका गुलशन कुमार आदि अधिकारी मौजूद थे। किसानों की तरफ से बूटा सिंह बुर्जगिल, प्रगट सिंह, गुरप्रीत सिंह, दर्शनपाल सिंह, बलदेव सिंह, गुरनाम सिंह सहित अन्य किसान नेता बैठक में शामिल हुए। पुलिस अधिकारियों की ओर से इन किसान नेताओं को चाय पर आमंत्रित किया गया था।
इस दौरान बीते दिनों आंदोलन में हुई घटनाओं पर चर्चा हुई। पांच फुट का रास्ता खोलने सहित अन्य मुद्दों पर भी बातचीत हुई। दिल्ली पुलिस अधिकारियों ने किसान नेताओं से व्यवस्था में सहयोग करने पर जोर दिया। वहीं किसान नेताओं ने कहा कि हमने रास्ता खोल दिया था। इससे काफी लोगों को लाभ मिला है। यदि सरकार हमारी सभी मांग मान लेती है तो हम अपने घर लौट जाएंगे। कई देर तक चली इस बैठक के संपन्न होने के बाद किसान नेता वापस धरना स्थल पर लौट गए। किसान नेताओं का कहना है कि पुलिस ने हमसे जब भी सहयोग मांगा, हमने दिया है।