सीएम मनोहरलाल बोले : पीपली बनेगा अंतरर्राष्ट्रीय पर्यटन स्थल
मुख्यमंत्री मनोहर लाल की अध्यक्षता में हुई हरियाणा सरस्वती हेरिटेज डेवलपमेंट बोर्ड (एचएसएचडीबी) की बैठक में लिया गया।

चंडीगढ़। राज्य में पर्यटन को और अधिक बढ़ावा देते हुए हरियाणा सरकार ने कुरुक्षेत्र के पिपली को एक विश्वस्तरीय टूरिस्ट हब के रूप में विकसित करने का निर्णय लिया है। पिपली में सरस्वती सेतु पर विकसित किया जाने वाला टूरिस्ट हब देश-विदेश के पर्यटकों को आकर्षित करेगा और हरियाणा को अंतरराष्ट्रीय पर्यटन मानचित्र पर एक अलग पहचान देगा।
यह निर्णय आज यहां मुख्यमंत्री मनोहर लाल की अध्यक्षता में हुई हरियाणा सरस्वती हेरिटेज डेवलपमेंट बोर्ड (एचएसएचडीबी) की बैठक में लिया गया। पिपली में टूरिस्ट हब हरियाणा सरस्वती हेरिटेज डेवलपमेंट बोर्ड द्वारा विकसित किया जाएगा।
बोटिंग के अलावा, टूरिस्ट हब में आगंतुकों के लिए रेस्तरां, पार्क, संग्रहालय आदि जैसी कई प्रकार की सुविधाएं भी होंगी। राज्य सरकार पहले से ही यमुनानगर में आदिबद्री को पर्यटन स्थल के रूप में विकसित कर रही है।
बैठक में यह भी निर्णय लिया गया कि बरसात के दौरान अतिरिक्त पानी के भंडारण के लिए यमुनानगर और कुरुक्षेत्र जिलों में पांच-छह वाटर बॉडी को विकसित किया जाएगा, ताकि इस पानी का उपयोग सिंचाई और अन्य उद्देश्यों के लिए किया जा सके। इससे न केवल इस क्षेत्र में पर्यटन गतिविधियों को बढ़ावा मिलेगा, बल्कि कुरुक्षेत्र, पिहोवा, लाडवा और रादौर में भूमिगत जल स्तर में भी सुधार होगा।
बैठक में बताया गया कि सरस्वती नदी राज्य सरकार की एक प्रतिष्ठित परियोजना है, इस नदी के पानी से न केवल यमुनानगर, करनाल और कैथल जिलों में ड्राक जोन क्षेत्रों की समस्या पर काबू पाने में मदद मिलेगी, बल्कि सिंचाई करने और ग्रामीण तालाबों (जोहड़) के सौंदर्यीकरण के लिए भी प्रभावी रूप से उपयोग किया जा सकता है।