चांदनी चौक के हनुमान मंदिर में पूजा अर्चना शुरू, आप नेता बोले- भगवान ने आदेश दिया तो मंदिर बन गया
जनवरी महीने में इस मंदिर को नगर निगम ने कोर्ट के आदेश के बाद तोड़ दिया था। मंदिर तोड़े जाने से लोगों की धार्मिक भावनाएं आहत हुईं तो सियासत भी एक दूसरे पर आरोप मढ़ने लगी। बीजेपी ने इसके लिए आम आदमी पार्टी की सरकार को जिम्मेदार ठहराया था तो वहीं आप ने भाजपा शासित नगर निगम पर मंदिर तोड़ने का आरोप लगाया था।

हनुमान मंदिर।
पुरानी दिल्ली के चांदनी चौक (Chandani Chowk) इलाके में दोबारा बनाए गए हनुमान मंदिर में पूजा अर्चना शुरू हो गई। आम आदमी पार्टी (AAP) के नेता और नगर निगम प्रभारी दुर्गेश पाठक ने यहां हनुमान चालीसा का पाठ किया। हनुमान मंदिर को गिराए जाने के बाद आप पार्टी को लोगों की खासी नराजगी झेलनी पड़ी थी। वहीं इसे लेकर जमकर राजनीति भी हुई थी।
अब दोबारा हनुमान मंदिर को अस्थायी रूप से बना दिया गया है, जिसके बाद यहां पर भक्तों की भीड़ उमड़नी शुरू हो गई। शनिवार को मंदिर में विधि विधान से पूजा अर्चना की गई। आप नेता दुर्गेश पाठक ने यहां पर हनुमान चालीसा का पाठ किया। मंदिर पर हो रही राजनीति पर उन्होंने कुछ भी कहने से इनकार कर दिया। मीडिया रिपोर्ट के मुताबिक दुर्गेश पाठक ने केवल इतना कहा कि वे यहां पर केवल संकट मोचक हनुमानजी से यह प्रार्थना करने आए हैं कि विश्व जिस तरह से कोरोना महामारी से जूझ रहा है, भगवान इस संकट को दूर करे। आज राजनीति का समय नहीं, बल्कि इस महामारी से मिलकर लड़ने का समय है। कहा कि मंदिर कोई व्यक्ति नहीं बनवा सकता है। भगवान के आदेश पर मंदिर बनता है। भगवान ने स्थानीय लोगों को आदेश दिया और मंदिर बन गया।
बता दें कि कल भाजपा के प्रदेशाध्यक्ष आदेश गुप्ता भी हनुमानजी के दर्शन करने यहां पहुंचे थे। जनवरी महीने में इस मंदिर को नगर निगम ने कोर्ट के आदेश के बाद तोड़ दिया था। मंदिर तोड़े जाने से लोगों की धार्मिक भावनाएं आहत हुईं तो सियासत भी एक दूसरे पर आरोप मढ़ने लगी। बीजेपी ने इसके लिए आम आदमी पार्टी की सरकार को जिम्मेदार ठहराया था तो वहीं आप ने भाजपा शासित नगर निगम पर मंदिर तोड़ने का आरोप लगाया था। अब दोबारा मंदिर बन गया है तो लोगों ने दोबारा से यहां आकर हनुमानजी की पूजा अर्चना शुरू कर दी है।