दंतेवाड़ा : तीन लाख के इनामी नक्सली गिरफ्तार, हत्या और अपहरण के मामले दर्ज
लंबे समय से नक्सली संगठन में थे सक्रिय। पढ़िए पूरी खबर-

प्रतीकात्मक चित्र
दंतेवाड़ा। सुरक्षा बल के जवानों को एक बड़ी सफलता हाथ लगी है। आलनार के जंगलों से महिला माओवादी सहित 2 नक्सलियों को गिरफ्तार किया गया है। बताया जा रहा है कि दोनों नक्सलियों पर लाखों का इनाम था।
घटना किरन्दुल थाना क्षेत्र की है, जहां सुक्की मिडिकामी 24 नम्बर प्लाटून की सदस्य 2 लाख की ईनामी और जनमिलिशिया कमांडर पोदीया बारसे 1 लाख का ईनामी को गिरफ्तार किया गया है। इन्हें डीआरजी और किरन्दुल पुलिस ने घेराबंदी कर गिरफ्तार किया है।
गिरफ्तार माओवादी इन घटनाओं में शामिल थे
• जुलाई 2020 को माओवादी कमलेश और अन्य 15-20 सशस्त्र माओवादी साथियों के साथ गुमियापाल पटेलपारा निवासी लच्छु तेलम की हत्या करने की नियत से अपहरण एवं लूटपाट करने की घटना में शामिल थे।
• सितंबर 2020 में माओवादी विनोद, कमलेश एवं अन्य सशस्त्र माओवादियों के साथ मिलकर तामोपारा किरंदुल के अशोक कुंजाम और हिड़या और बंडारा को हिरोली तो जंगल में ले जाकर पुलिस मुखबिरी का आरोप लगाकर रस्सी से गला घोट कर हत्या करने की घटना में शामिल थे।
• अक्टूबर 2020 में गुमियापाल पटेल पारा में नक्सली कमलेश एवं अन्य 15-20 माओवादियों द्वारा पुलिस परिवार के घरों में रखे मवेशी, बकरा, मुर्गा, धान एवं अन्य सामान लूटने की घटना में शामिल थे।
• इसके अलावा क्षेत्र में माओवादियों के बड़े लीडरों के आने पर उनके लिए भोजन व्यवस्था करना, गांव में मीटिंग आयोजित करना, पुलिस पार्टी की सूचना उन तक पहुंचाने का काम करते थे।