हाथियों ने किया महिला को घायल: जंगल से भटक कर गांव पहुंचा जंगली हाथियों का दल, शौच के लिए घर से बाहर निकली महिला को किया घायल
सुबह पांच बजे शौच के लिए घर से बाहर गई मंदाकिनी का जंगली हाथियों से आमना-सामना हो गया। इसी बीच महिला खुद को संभाल पाती उससे पहले जंगली हाथी ने सूंड से हमला कर महिला को घायल कर दिया ... क्या है मामला, पढ़िए पूरी खबर...

सीतापुर। छत्तीसगढ़ के सीतापुर जिले में जशपुर के बगीचा वनक्षेत्र से भटक कर गांव पहुंचे जंगली हाथियों के तीन सदस्यीय दल ने महिला को घायल कर दिया। सुबह पांच बजे महिला घर से बाहर शौच के लिए गई थी। जहां उसका सामना जंगली हाथियों से हो गया। महिला को कुछ समझ आता उससे पहले जंगली हाथियों ने उसे सूंड से धक्का मार कर घायल कर दिया और जंगल की तरफ चले गए।
मिली जानकारी के अनुसार, जशपुर जिले के बगीचा वनक्षेत्र से जंगली हाथियों का तीन सदस्यीय दल भटक कर लंगडासाड़ बीट होते हुए ग्राम गेरसा पहुंचे। जहां सुबह पांच बजे शौच के लिए घर से बाहर गई मंदाकिनी का जंगली हाथियों से आमना-सामना हो गया। इसी बीच महिला खुद को संभाल पाती उससे पहले जंगली हाथी ने सूंड से हमला कर महिला को घायल कर दिया। इसके बाद खेतो में लगी फसलों को रौंदते हुए हाथी जंगल की ओर चले गए। जंगली हाथियों के हमले से महिला अंदरूनी रूप से घायल हो गई थी। इसके बाद परिजन उपचार हेतु सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र लेकर पहुंचे।
तात्कालिक पांच हजार सहायता राशि दी गई
इस घटना की खबर मिलते ही वनपरिक्षेत्राधिकारी विजय तिवारी सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचे। जहां उन्होंने घायल महिला के परिजनों को उपचार के पांच हजार रुपए तात्कालिक सहायता राशि के रूप में प्रदान किया। फिलहाल वनपरिक्षेत्राधिकारी समेत परिक्षेत्र सहायक रमेश मंडावी सुनंदा सिंह लवकुश पांडेय अविनाश किंडो जुबेल बरवा कैलाश राम राजू बेक और वनकर्मियों हाथी की सतत निगरानी कर रहे है। इसी बीच लोगो को भी जंगली हाथियों से सुरक्षा और बचाव के बारे में जानकारी दी जा रही है।
हाथियों ने फसलों को भी पहुंचाया नुकसान
इस संबंध में वनपरिक्षेत्राधिकारी विजय तिवारी ने बताया कि पड़ोसी जिला जशपुर के बगीचा वनपरिक्षेत्र से विचरण करते हुए तीन सदस्यीय हाथियों का दल गेरसा सरगा और भारतपुर के जंगलों में विचरण कर रहा है। जंगली हाथियों ने एक महिला को अपना शिकार बनाते हुए घायल कर दिया है। फसलों को भी नुकसान पहुंचाया है। फसल की क्षति का आँकलन करा उसका भी मुआवजा प्रभावितों को दिलाया जायेगा