बिलासपुर : पुलिस ने की 14 HIV पीड़ित बच्चियों की पिटाई, संस्था में घुसकर सभी को निकाला बाहर
सामाजिक संस्था की सदस्य गिरफ्तार, बच्चियों को रखा गया बाल संप्रेक्षण गृह में। पढ़िए पूरी खबर-

बिलासपुर। पुलिस और प्रशासन की टीम पर HIV पीड़ित बच्चियों को संरक्षण देने वाली एक निजी संस्था में घुसकर जबरन खाली करवाने का आरोप है। बताया जा रहा है कि इस दौरान पुलिस ने बल प्रयोग भी किया है। इसके साथ सामाजिक कार्यकर्ता प्रियंका शुक्ला को सरकंडा पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। वहीं इस मामले में की गई कार्रवाई को लेकर पुलिस अधिकारी कुछ भी कहने से बचते नजर आ रहे हैं।
यह गठन सिविल लाइन थाना क्षेत्र के ग्राम घुरू है, जहां एक निजी संस्था में HIV पीड़ित 14 नाबालिग बच्चियों को रखा गया था। इनमें परिवार के द्वारा छोड़ दिए गये और अनाथ बच्चियां भी शामिल हैं। जानकारी के मुताबिक ये संस्था लंबे समय से HIV पीड़ित बच्चियों को संरक्षण प्रदान कर रही है लेकिन दो साल पहले इन्होंने सरकारी अनुदान के लिए आवेदन दिया। इसके बाद महिला एवं बाल विकास विभाग के अधिकारियों के कान खड़े हो गये। संस्था का आरोप है कि इसके बाद एक महिला अधिकारी ने निजी संस्था से रुपयों की मांग की। इसकी शिकायत संस्था ने की है, यह मामला कोर्ट में लंबित है।
जानकारी के मुताबिक आज सोमवार को महिला एवं बाल विकास विभाग के अधिकारी सरकंडा पुलिस टीम के साथ संस्था में पहुंचे और कथित रूप से बच्चियों को जमकर पीटा गया। आरोप है, घटना का वीडियो न बनाया जा सके इसलिए सभी के मोबाइल फोन छीन लिए गये थे। बताया जा रहा है कि संस्था में जमकर पिटाई करने की वजह से भवन में फर्श पर खून के धब्बों के निशान भी हैं। इस दौरान पुलिस से कार्रवाई के आदेश दिखाने को कहने पर पुलिस टालमटोल करते नजर आई। फ़िलहाल पुलिस संस्था की सदस्य प्रियंका शुक्ला को गिरफ्तार कर थाने ले आई है और एफआईआर दर्ज करने की तैयारी की जा रही है। वहीं सभी बच्चियों को बाल संप्रेक्षण गृह में रखा गया है।