बिहार विधानसभा चुनाव 2020: कोरोना से बचाव के लिये लाया गया मास्क, बिहार में मतदाताओं को लुभाने का साधन बन गया
देशभर में कोरोना महामारी से लोगों को बचाने के लिये लाया गया मास्क बिहार विधानसभा चुनाव 2020 में मतदाताओं को लुभाने का साधन बन गया है। जानकारी है कि भाजपा द्वारा करीब 30 हजार सुशांत सिंह राजपूत वाले मास्क बांटे गये हैं। जिस पर राजद को नाराजगी है। इसी बीच एलजेपी ने भी लोगों के बीच बिहारी फर्स्ट वाले मास्क बांटने शुरू कर दिये हैं।

बिहार में विधानसभा चुनाव की सरसराहट के बीच सियासी दलों में मास्क को लेकर भी होड़ सी छिड़ गई है। याद रहे देशभर, समेत बिहार में कोरोना वायरस से बचाव के उपाय के रूप में इस्तेमाल करने के लिये मास्क लाया गया था। किसी को क्या पता था कि भविष्य में यह मास्क सियासत में भी अपनी पेठ बना लेगा। आपको बता दें इस समय बिहार में विधानसभा चुनाव की तैयारियों के बीच मतदाताओं को अपनी तरफ मोड़ने के लिये प्रचार-प्रसार जोरों पर है। वहीं चुनाव आयोग द्वारा भी सभी सियासी दलों को प्रचार-प्रसार के दौरान भीड़-भाड़ नहीं लगाने का निर्देश दिया गया है। इसी को लेकर सूबे में वर्चुअल माध्यमों से लोगों के बीच पहुंचने की कोशिशें की जा रही हैं। इसी बीच सियासी दलों ने चुनाव के दौरान प्रचार-प्रसार करने के लिये नई युक्ति मास्क को खोज लिया है।
चुनावी प्रचार-प्रसार के दौरान सियासी दलों द्वारा अपने-अपने चुनाव सिंबल वाले मास्क तो लोगों के बीच बांटे ही जा रहे हैं। साथ ही लोग सुशांत सिंह राजपूत वाले मास्क भी ढूंढने का प्रयास कर रहे हैं। बताया जाता है कि बिहार में भाजपा द्वारा लोगों के बीच 30 हजार सुशांत सिंह राजपूत वाले मास्क बांट दिये गये हैं। जिस पर विपक्षी पार्टी राजद द्वारा नाराजगी व्यक्त किये जाने की बात भी सामने आई हैं। सुशांत सिंह राजपूत वाले मास्क पर नाराजगी जाहिर करते हुये एक राजद नेता ने कहा कि हम पहले से कहते आये हैं। भाजपा लाशों पर सियासत करती है। भाजपा ने चुनाव में सुशांत सिंह राजपूत वाले मास्क बांट कर इस बात को प्रमाणित भी कर दिया है। इस पर भाजपा के एक वरिष्ठ नेता ने कहा कि हमने तो ये मास्क सूबे में काफी समय पहले लोगों के बीच बांटे थे। वहीं हमारा उद्देश्य सुशांत सिंह राजपूत को न्याय दिलाना है। इसलिये जनता के बीच बांटे गये हैं व बांटे जायेंगे। यह राजनीतिक मुद्दा नहीं है।
बिहार में चुनाव प्रचार-प्रसार के दौरान मिथिला पेंटिंग्स वाले मास्क की भी मांग है। याद रहे पूर्व में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने मन की बात कार्यक्रम के दौरान मधुबनी की महिलाओं द्वारा बनाये जा रहे मिथिला पेंटिंग्स वाले मास्क की सराहना की थी। जिसे पीएम मोदी ने भारत को आत्मनिर्भरता की ओर ले जाने वाला कदम बताया था। इसके बाद से ही बिहार में मिथिला पेंटिंग्स वाले मास्क की मांग बढ़ गई है। इसके अलावा अब यह चुनाव के दौरान सियासी दलों द्वारा भी मांगा जा रहा है। जानकारी है कि भाजपा द्वारा लोगों के बीच मिथिला पेंटिंग्स वाला मास्क बांटा जा रहा है। वहीं इसको तैयार करवाने के आर्डर भी दिये गये हैं।
एलजेपी ने 'बिहार फर्स्ट बिहारी फर्स्ट' अभियान के तहत जहानाबाद में मास्क बांटे
बिहार में विधानसभा चुनाव की हलचल के बीच एलजेपी भी खुद को किसी से कमतर नहीं दिखाना चाहती है। जानकारी है कि इसलिये एलजेपी के द्वारा भी लोगों के बीच बिहारी फर्स्ट वाले मास्क बांटे जा रहे हैं। इसके अलावा पार्टी द्वारा दो लाख मास्क बनाने का ऑर्डर दिये जाने की भी जानकारी है। एलजेपी ने 'बिहार फर्स्ट बिहारी फर्स्ट' अभियान के तहत जहानाबाद में मास्क बांटे। जिसकी जानकारी एलजेपी के आधिकारिक ट्विटर अकांट से ट्वीट कर दी गई है। बताया गया कि एलजेपी जहानाबाद जिला अध्यक्ष हेमंत शरण उर्फ कुंदन शर्मा जहानाबाद विधानसभा क्षेत्र में बीते दिन लोगों के बीच पहुंचे। इस दौरान शर्मा ने लोगों से जनसंपर्क करते हुये लोगों के घर-घर जाकर एलजेपी की विचारधारा से अवगत कराया। साथ ही शर्मा ने क्षेत्रीय जनता के बीच 'बिहार फर्स्ट बिहारी फर्स्ट' वाले मास्क वितरित भी किए।