तेजस्वी यादव ने गरीबों को बांटा खाना, सीएम नीतीश पर मंत्रियों संग छिपे रहने का जड़ा आरोप
बिहार इस समय बाढ़, कोरोना महामारी से बूरी तरह प्रभावित है। इसी बीच राजद नेता तेजस्वी यादव बुधवार को दरभंगा में गरीबों को खाना बांटते हुए नजर आए। इस दौरान उन्होंने सीएम नीतीश कुमार, उनके मन्त्रियों पर आपदा के समय में घरों में छिपे रहने का आरोप लगाया।

बिहार के पूर्व डिप्टी सीएम एवं राजद नेता तेजस्वी यादव बुधवार को दरभंगा में गरीबों के बीच दुख - दर्द बांटने पहुंचे। यहां राजद नेता ने तंबुओं में रहे बाढ़ पीड़ित लोगों का हाल - चाल भी पूछा। इसके बाद तेजस्वी यादव ने बाढ़ पीड़ित लोगों को भोजन भी बांटा। तेजस्वी यादव ने लोगों को बाढ़ और कोरोना महामारी से बिगड़े हालातों के मद्देनजर हरसम्भव मदद करने का भरोसा भी दिया । साथ ही इस दौरान राजद नेता तेजस्वी यादव नीतीश सरकार को कोसते नजर भी आए।
राजद नेता तेजस्वी यादव ने कहा कि बाढ़, कोरोना महामारी से बिहार की जनता त्रस्त है। लोग कोरोना महामारी से ही नहीं बल्कि भूख से भी मर रहे है। उन्होंने कहा कि वे इस कठिन समय में एक पैर पर खड़े होकर दिन-रात गरीबों और जरूरतमंदो की सहायता कर रहे है। लेकिन सीएम नीतीश कुमार और उनके मन्त्री लोगों की मदद करने की वजाय अपने घरों में छिपे हैं।
इसके अलावा राजद नेता तेजस्वी यादव ने बुधवार को भाजपा के एमएलसी सुनील कुमार सिंह से निधन पर संवेदना जताई। उन्होंने कहा कि हम लोगों को तो यह पता नहीं था कि वह कोरोना पॉजिटिव थे। अचानक उनकी मौत की खबर मिली। यह बहुत दर्दनाक है। उनके परिजन के प्रति हम संवेदना प्रकट करते हैं।