नंद किशोर यादव बोले, ट्रैक्टर पर सोफे लगा कर बैठने वाला व्यक्ति किसानों का दर्द कैसे करेगा महसूस
बिहार भाजपा नेता नंद किशोर यादव ने नाम लिये बिना राहुल गांधी पर निशाना साधा है। नंद किशोर यादव ने कहा कि ट्रैक्टर पर सोफे लगा कर बैठने वाला व्यक्ति कैसे किसानों का दर्द महसूस कर सकता है। वह सिर्फ किसानों को लेकर घड़ियाली आंसू बहा रहा है।

भारतीय जनता पार्टी 'भाजपा' और भारतीय राष्ट्रीय कांग्रेस किसान संबंधी सुधार को बिल को लेकर पिछले महीने से आमने - सामने हैं। एक ओर तो कांग्रेस समेत तमाम विपक्षी कृषि बिल को किसानों के खिलाफ बता रहे हैं। वहीं दूसरी ओर भाजपा कृषि सुधार बिल पर बने कानून को किसानों के हित में बता रही है। साथ ही भाजपा विरोधियाें पर इसके खिलाफ में साजिश रचे जाने के आरोप लगा रही है। इसी कड़ी में बिहार के पथ निर्माण मंत्री एवं भाजपा नेता नंद किशोर यादव ने गुरुवार को ट्वीट के माध्यम से नाम लिये बिना कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी को घेरा है। उन्होंने कहा कि जो व्यक्ति ट्रैक्टर पर सोफे लगा कर बैठता है। वह व्यक्ति किसानों के दर्द को कैसे महसूस कर सकता है? वहीं नंद किशोर यादव ने किसानों के मुद्दे को लेकर राहुल गांधी पर घड़ियाली आंसू बहाने का आरोप लगाया है। साथ ही नंद किशोर यादव ने कहा कि पूरा देश इनकी कलाकारी को देख रहा है।
भाजपा नेता बोले- एसी कमरों में रहने वाला क्या जाने कि जेठ की दोपहरी की तपिश?
भाजपा नेता नंद किशोर यादव ने कहा कि एसी कमरों में रहने वाला व ट्रैक्टर पर सोफे लगाकर बैठने वाला क्या जाने कि जेठ की दोपहरी की तपिश? नंद किशोर यादव ने कहा कि ऐसे लोग क्या जाने कि पूस की रात की ठंड व भादो की मुसलाधार बारिश कैसी होती है? नंद किशोर यादव ने कहा कि पगडंडियों पर चलने से जिनके पांव गंदे हो जाते हैं। किसानों के पसीने से जिन्हें बदबू आती है। वे लोग किसानों का हित कैसे सोच सकते हैं?