Bihar Assembly Elections 2020: नंद किशोर यादव बोले- लालू यादव के 'लाल' किसी भी मोर्चे पर नहीं उतरे हैं खरे
Bihar Assembly Elections 2020 भाजपा नेता नंद किशोर यादव ने नाम लिये बिना लालू यादव पर निशाना साधा है। उन्होंने कहा कि लालू यादव के लाल किसी भी मोर्चे पर खरे नहीं उतरे हैं। चाहे झंडा हो या परिवारवाद का फंडा ही क्यों ना हो।

Bihar Assembly Elections 2020: बिहार में विधानसभा चुनावों की तारीखें जैसे-जैसे नजदीक आ रही हैं। वैसे ही बिहार की सियासत में राजनीतिक हमले तेज होते जा रहे हैं। इसी कड़ी में बिहार के पथ निर्माण मंत्री एवं भाजपा नेता नंद किशोर यादव ने लालू यादव का नाम लिये बिना उनपर करारा वार किया है। नंद किशोर यादव ने कहा कि विपक्ष में एक ऐसा दल भी है। उस दल के शीर्ष नेता को स्वार्थवश अपने 'लाल' से बड़ा ही मोह रहा है। वहीं नंद किशोर यादव ने उनके 'लाल' को हर मोर्चे पर असफल करार दिया है। उन्होंने कहा कि चाहे झंडा हो या परिवारवाद का फंडा ही क्यों ना हो, उनके 'लाल' किसी भी मोर्चे पर कभी भी कमाल नहीं कर पाये हैं।
नंद किशोर यादव ने अन्य ट्वीट के जरिये कहा कि स्पष्ट नीति व दृढ़ फैसले हों तो विकास भी होता है। साथ ही हर एक व्यक्ति तक विकास पहुंचता भी है। नंद किशोर यादव ने कहा कि बिहार ने पिछले 15 वर्षों में यह दिखाया है कि करोगे तो होगा।
भाजपा नेता नंद किशोर यादव ने एक और अन्य ट्वीट में एनडीए सरकार के कार्यों की सराहना की है। भाजपा नेता ने कहा कि एनडीए सरकार ने बिहार के लोगों का सपना साकार किया है। वहीं उन्होंने कहा कि बिहार आत्मनिर्भर बनने के लिये तैयार है। वहीं भाजपा द्वारा बिहार के विकास में साझीदार बनने के लिये जनता से उनके सुझाव भी मांगे हैं। इसके लिये भाजपा की ओर से 6357171717 नंबर जारी किया गया है। जिस पर मिस्ड कॉल करके आप अपने सुझाव दे सकते हैं और बिहार के आत्मनिर्भर बनने की यात्रा में सहभागी बन सकते हैं।
नंद किशोर यादव ने एक और ट्वीट के माध्यम से बिहार के पूर्व सीएम जीतन राम मांझा को जन्मदिन की हार्दिक शुभकामनायें दी हैं। नंद किशोर यादव ने अपने संदेश में कहा कि बिहार के पूर्व सीएम जीतनराम मांझी को उनके जन्मदिन के शुभ अवसर पर मंगकामनाएं। ईश्वर आपको लम्बी उम्र व उत्तम स्वास्थ्य प्रदान करे।