महात्मा गांधी सेतु के शुरू होने पर उत्तर और दक्षिण बिहार के बीच दूरी हो जायेगी कम : अशोक चौधरी
उत्तर बिहार, दक्षिण बिहार को जोड़ने वाले महात्मा गांधी सेतु के पश्चिमी लेन का उद्घाटन केंद्रीय सड़क एवं परिवहन मंत्री नितिन गडकरी 31 जुलाई को कर सकते हैं। जिसको लेकर भवन निर्माण विभाग के मंत्री अशोक चौधरी ने खुशी जताई है। इसके शुरू होने से उत्तर, दक्षिण बिहार के बीच की दूरी काफी कम हो जायेगी।

बिहार सरकार में भवन निर्माण मंत्री अशोक चौधरी ने गुरुवार को ट्वीट कर उत्तर बिहार, दक्षिण बिहार को जोड़ने वाले महात्मा गांधी सेतु के पश्चिमी लेन का जल्द उद्घाटन होने की खबरों पर खुशी जताई है। साथ ही कहा कि यह जनता के लिये भी हर्षित कर देने वाली खबर है। अशोक चौधरी ने कहा कि महात्मा गांधी सेतु की पश्चिमी लेन के शुरू हो जाने से उत्तर और दक्षिण बिहार के बीच का सफर पहले से काफी कम समय में पूरा हो जायेगा। जानकारी है कि पटना में महात्मा गांधी सेतु के पश्चिमी लेन पर पिछले जून महीने से आवागमन शुरू होना था। लेकिन काम पूर्ण नहीं हुआ था। इसलिये इसे टालना पड़ गया था। फिलहाल इस पुल पर सभी कार्य युद्ध स्तर पर करवाए गए हैं। इस पर वाहनों की आवाजाही शुरू होने से उत्तर व दक्षिण बिहार के बीच की दूरी काफी कम हो जाएगी।
गांधी सेतु से बिहार के करीब 5 करोड़ लोग सीधे-सीधे जुड़े हुए हैं। इसी वजह से इसे उत्तर व दक्षिण बिहार की जीवन रेखा भी कहा जाता है। जानकारी है कि गांधी सेतु पर पुरुद्धार का कार्य जुलाई 2017 में शुरू हुआ था। पश्चिमी दो लेन का जीर्णोद्धार का काम पूरा हो चुका है व बरसात के बाद पूर्वी दो लेन के जीर्णोद्धार का कार्य भी शुरू किया जाएगा। चारो लेन के पुररुद्धार कार्य में करीब 1742.01 करोड़ रुपये खर्च होने हैं।