महाराष्ट्र सरकार बताये मुंबई पुलिस ने सुशांत सिंह राजपूत मामले में 50 दिनों में क्या किया : डीजीपी बिहार
बिहार के डीजीपी गुप्तेश्वर पाण्डेय ने मुंबई में जबरन क्वारंटीन किये गये बिहार पुलिस के आईपीएस को लेकर नाराजगी जाहिर की है। साथ ही महाराष्ट्र सरकार से पूछा कि उन्हें मुंबई पुलिस पर गर्व है तो वे बतायें सुशांत की मौत के 50 दिन बाद उसने क्या किया।

बिहार के डीजीपी गुप्तेश्वर पाण्डेय ने मुंबई में जबरन क्वारंटीन कर दिये गये बिहार पुलिस के अधिकारी को लेकर मंगलवार को कड़ी नाराजगी जाहिर की है। साथ ही डीजीपी ने कहा कि यदि महाराष्ट्र सरकार को अपनी पुलिस पर गर्व है तो तो हमें बताएं कि सुशांत सिंह राजपूत की मौत के 50 दिनों के बाद उन्होंने क्या किया है। वहीं डीजीपी ने बताया कि मुंबई ने बिहार पुलिस के साथ सभी तरह के संचार माध्यम बंद कर दिए हैं। यानि कि सुशांत मामले को लेकर मुंबई पुलिस की ओर से बिहार पुलिस को कोई सहयोग नहीं मिल रहा है। वहीं डीजीपी ने कहा कि जो यह इंगित करता है कि कुछ गलत है।
पटना के आईपीएस अधिकारी विनय तिवारी बीते दिनों सुशांत सिंह राजपूत मौत मामले को लेकर मुंबई पहुंचे थे। जिन्हें मुंबई में सुशांत सिंह राजपूत मामले में जांच कर रही बिहार पुलिस टीम का नेतृत्व करने के लिये भेजा गया था। लेकिन इससे पहले ही पटना के आईपीएस अधिकारी विनय तिवारी को मुंबई में बृहन मुंबई महानगर निगम द्वारा क्वारंटीन कर दिया गया। इसलिये वह अफसर अब सुशांत सिंह राजपूत मामले में काम नहीं कर पा रहे हैं।
सुशांत सिंह राजपूत की मौत के करीब एक महीने बाद उनके पिता केके सिंह पटना में उनकी मौत को लेकर रिया चक्रवर्ती के खिलाफ मामला दर्ज कराया था। इसी मामले को लेकर पटना पुलिस की एक टीम कई दिनों से मुंबई में जांच पड़ताल कर रही है। जिसके साथ मुंबई में असहयोग करने के मामले भी सामने आ रहे हैं। याद रहे बॉलीवुड अभिनेता सुशांत सिंह राजपूत का निधन बीते 14 जून को मुंबई में बांद्रा स्थित उनके घर में संदिग्ध परिस्थितियों में हुआ था।