Bihar Assembly Elections: मदन मोहन झा बोले, झारखंड के परिणामों से डरे हुये हैं नीतीश कुमार
बिहार कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष मदन मोहन झा ने कहा कि जदयू अध्यक्ष नीतीश कुमार झारखंड के चुनावों के परिणामों से डरे हुये हैं। इसलिये नीतीश कुमार बिहार में विधानसभा चुनाव 2020 नजदीक होने की वजह से आज कल शिक्षकों को 'आप' कहकर संबोधित कर रहे हैं।

बिहार कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष मदन मोहन झा ने मंगलवार को ट्वीट कर सीएम एवं जदयू अध्यक्ष नीतीश कुमार पर तंज कसा है। उन्होंने कहा कि सुना है आज कल जदयू अध्यक्ष नीतीश कुमार शिक्षकों को 'आप' कहकर संबोधित कर रहे हैं। वहीं उन्होंने कहा कि लगता है कि नीतीश कुमार बीते वर्ष दिसंबर में झारखंड में हुये विधानसभा के चुनावों के परिणामों को देखकर कुछ डर गये हैं। याद रहे झारखंड विधानसभा चुनाव में झामुमो, कांग्रेस व राजद ने गठबंधन बनाकर चुनाव लड़ा था।
वहीं झामुमो, कांग्रेस व राजद के गठबंधन ने झारखंड की 81 सीटों पर हुये चुनावों में 47 विधानसभा सीटों पर जीत हासिल की थी। साथ ही हेमंत सोरेन दूसी बार झारखंड के मुख्यमंत्री बनें। इसके अलावा खास बात यह रही कि 24 साल से जमशेदपुर पूर्व सीट जीत रहे तत्कालीन सीएम रघुवर दास अपने ही पुराने सहयोगी सरयू राय से चुनाव हार गए। इसके साथ ही भाजपा के हाथ से झारखंड राज्य निकल गया।
बिहार कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष मदन मोहन झा ने जदयू अध्यक्ष एवं सीएम नीतीश कुमार पर कई बार मंचों से भी शिक्षकों का अपमान किये जाने का भी आरोप लगाया है। उन्होंने कहा कि नीतीश कुमार ने शिक्षकों के लिये यह तक कह दिया था कि तुमको क, ख, ग नहीं आता है। एक हस्ताक्षर कर दू तो रोड पर आ जाओगे और कभी नीतीश कुमार द्वारा यह भी कहा था कि शिक्षकों के मामले पर कोई विचार नहीं किया जाएगा। याद रहे बिहार में जल्द विधानसभा के चुनाव होने हैं। इस को लेकर बिहार में सियासी दल एक-दूसरे दलों पर छिंटा-कसी कर रहे हैं।