बिहार : एमएलसी सुनील कुमार सिंह की कोरोना से मौत, सीएम नीतीश कुमार ने जताया दुख
पटना एम्स में मंगलवार की रात भाजपा एमएलसी सुनील कुमार सिंह की कोरोना से मौत हो गई। इनके अलावा ग्रामीण कार्य मंत्री शैलेश कुमार के पीए अजीत कुमार सिन्हा समेत 15 लोगों की राज्य में कोरोना से मौत हो गई। सीएम नीतीश कुमार, सुशील मोदी ने सुनील के निधन पर शोक शोक संवेदना व्यक्त की।

जानकारी है कि सुनील कुमार सिंह 13 जुलाई को पटना एम्स में कोरोना का उपचार कराने के लिए भर्ती हुए थे। चार-पांच दिनों से हालत गंभीर बनी हुई थी। उन्हें सांस लेने में तकलीफ थी। वे वेंटिलेटर पर थे। उन्हें हाइपरटेंशन, ब्लड प्रेशर व सुगर की बीमारी थी। एम्स के नोडल अफसर डॉ. संजीव कुमार ने बताया कि रात करीब पौने नौ बजे सुनील सिंह 65 वर्षीय ने आखिरी सांस ली। वे नौ दिन पहले पटना एम्स में भर्ती हुए थे। सुनील दरभंगा के रजवा गांव के रहने वाले थे।
बिहार विधान परिषद के सदस्य सुनील कुमार सिंह जी के निधन पर मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने गहरी शोक संवेदना व्यक्त की है। अपने शोक संदेश में उन्होंने कहा कि वे लोगों के बीच काफी लोकप्रिय थे। उन्होंने अपने व्यक्तित्व की बदौलत समाज के सभी वर्गों का आदर एवं सम्मान प्राप्त किया।
उप मुख्यमंत्री सुशील कुमार मोदी ने कहा कि सुनील कुमार सिंह एमएलसी दरभंगा कोरोना उपचार के लिए पटना एम्स में भर्ती थे। हॉर्ट अटैक से उनकी मृत्यु हो गई। हम सब लोग दुःखी हैं। ईश्वर उनकी आत्मा को शांति प्रदान करे ।