Hari bhoomi hindi news chhattisgarh

बिहार चुनाव 2020: सम्मानजनक सीटें नहीं मिलीं, तो अकेले विधानसभा चुनाव लड़ेगी लोजपा

बिहार विधानसभा चुनाव में अगर लोजपा को एनडीए में सम्मानजनक सीटें नहीं मिली तो पार्टी चुनाव में अकेले भी मैदान में उतरेगी। जिसको लेकर चिराग ने पार्टी के नेताओं को एलर्ट कर दिया है। वहीं लोजपा ने सूबे की सभी 243 विधानसभा सीटों पर तैयारी भी शुरू कर दी है।

bihar election 2020 ljp will contest assembly elections alone if it does not get respectable seats
X
चिराग पासवान

बिहार में लोकजनशक्ति पार्टी (लोजपा) ने सभी 243 विधानसभा सीटों पर अपनी तैयारी शुरू कर दी है। लोजपा बिहार में अकेले चुनाव लड़ने का विकल्प खुला रखना चाहती है। गत दिनों पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष चिराग पासवान ने पार्टी के सीनियर नेताओं को इस विकल्प पर काम करने का टास्क सौंपा। यही नहीं, संसदीय बोर्ड की बैठक में भी इस प्रस्ताव पर मुहर लग गई। पार्टी 43 सीटों से कम पर समझौता नहीं करेगी।

इधर, कुछ दिनों से चिराग नाराज चल रहे हैं। इसी कारण उनके तेवर बेहद तल्ख हैं। कुछ दिन पहले उन्होंने कई मुद्दों पर नीतीश सरकार को कटघरे में भी खड़ा किया था। हालांकि उन्होंने नीतीश की सराहना भी की पर एनडीए में कम होते कद की वजह चिराग कुछ समय से खुद को असहज महसूस कर रहे हैं। लिहाजा, उन्होंने आक्रामक तेवर अपनाया है। उनके पिता, पार्टी के संस्थापक रामविलास पासवान भी उनके साथ खड़े हो गए हैं।

लोजपा राज्य सरकार, विधान परिषद में अपना प्रतिनिधित्व चाहती है। उसकी नजर राज्यपाल के मनोनयन कोटे पर भी है। 12 में से वह दो सीट चाहती है, कम से कम एक तो अवश्य। पार्टी ने भाजपा को अपनी इस इच्छा से अवगत भी करवा दिया है। 9 जुलाई को संसदीय बोर्ड की बैठक में भी इस विषय पर विस्तार से चर्चा भी हुई।

चिराग ने कह दिया है कि उनके पास खोने के लिए कुछ भी नहीं है। अभी उसके दो विधायक हैं। इससे नीचे वे क्या जायेंगे? लिहाजा, सम्मानजनक सीट नहीं मिलने तो वह अकेले भी मैदान में कूद सकते हैं। इसीलिए वरिष्ठ नेताओं को एलर्ट कर दिया गया है।

और पढ़ें
Next Story