Hari bhoomi hindi news chhattisgarh

नंद किशोर यादव बोले किसानों के जीवन में आयेगी खुशहाली, पटना में कानून के विरोध में धरने पर बैठे कांग्रेसी नेता

भाजपा नेता नंद किशोर यादव ने बताया कि कृषि सुधार बिल अब कानून बन चुका है। इसलिये कांग्रेस व अन्य विपक्षी दल किसानों को गुमराह करना बंद कर दें। वहीं यादव ने कहा कि किसानों के जीवन अब खुशहाली आयेगी। दूसरी ओर बिहार बिहार कांग्रेस के नेता पटना में किसान कानून के विरोध में धरना प्रदर्शन पर बैठ गये हैं।

bihar congress state president dr madan mohan jha is protesting against the farmers law in Patna
X
किसान कानून के विरोध में पार्टी कार्यकर्ताओं के साथ पटना में धरना पर बैठे बिहार कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष डॉ मदन मोहन झा।

कृषि सुधार बिल को लेकर सियासी जंग लंबी होती नजर आ रही है। बिहार के पथ निर्माण मंत्री एवं भाजपा नेता नंद किशोर यादव ने सोमवार को कृषि सुधार का विरोध जता रहे कांग्रेस समेत तमाम विपक्षियों को आड़े हाथ लिया है। नंद किशोर यादव ने बताया कि महामहिम राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद की मंजूरी के बाद कृषि सुधार बिल ने अब कानून का रूप ले लिया है। इसलिए कांग्रेस और अन्य विपक्षी दलों को कृषि सुधार बिल के खिलाफ किसानों को गुमराह करना बंद कर देना चाहिये। नंद किशोर यादव ने कहा कि अंततः जीत सच की ही होगी व सच यह है कि कृषि सुधार कानून से किसानों के जीवन का कायाकल्प हो जाएगा। साथ ही किसानों की आमदनी बढ़ेगी और उनका जीवन खुशहाल हो जायेगा।



दूसरी ओर कांग्रेसियों का कृषि सुधार बिल के खिलाफ में विरोध जारी है। जानकारी है कि सोमवार को बिहार कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष डॉ मदन मोहन झा के नेतृत्व में तमाम पार्टी के बड़े पदाधिकारी एवं अन्य कार्यकर्ता पटना में किसान कानून के खिलाफ धरने पर बैठ गये हैं। साथ ही कांग्रेसी नेताओं द्वारा इस कानून को किसान विरोधी, व्यवसायी विरोधी बताया जा रहा है। इसके अलावा कानून के जरिये किसानों को पूंजीपतियों, जमाखोरों की कठपुतली बनाये जाने का भी केंद्र सरकार पर आरोप लगाया जा रहा है।



आजादी को उद्योगपतियों के हाथों बेच रही है सरकार: बिहार युवा कांग्रेस

बिहार युवा कांग्रेस ने भी सोमवार को ट्वीट के नरेंद्र मोदी सरकार को निशाने पर लिया है। युवा कांग्रेस ने कहा कि जिस देश को आजाद कराने के लिए भगत सिंह, महात्मा गांधी व जवाहरलाल नेहरू जैसे लोगों ने आजीवन संघर्ष किया। उस आजादी को भाजपा सरकार उद्योगपतियों के हाथों बेच रही है।




और पढ़ें
Next Story