Bihar Assembly Elections 2020: भूपेंद्र यादव बोले, बिहार को अब नहीं है लालटेन की जरूरत, सूबा हुआ जगमग
बिहार भाजपा की प्रदेश कार्यकारिणी की बैठक के दौरान पटना में भूपेंद्र यादव ने राजद नेता तेजस्वी यादव पर हमला बोलते हुये कहा कि अब बिहार को लालटेन की जरूरत नहीं है। बिहार जगमग है। भूपेंद्र ने कहा कि भाजपा विधानसभा चुनाव 2020 को लड़ने के लिये तैयार है व बिहार आत्मनिर्भरता की ओर कदम बढ़ा रहा है।

भाजपा के राष्ट्रीय महासचिव एवं बिहार के प्रभारी भूपेंद्र यादव ने रविवार को पटना में बिहार भाजपा की प्रदेश कार्यकारिणी की बैठक को संबोधित करते हुये विपक्षियों पर जमकर निशाना साधा। भूपेंद्र यादव ने राजद नेता तेजस्वी यादव को खरी-खरी सुनाते हुये कहा कि अब बिहार को अब लालटेन की आवश्यकता नहीं है, एनडीए सरकार ने बिहार को रौशन कर दिया है। भूपेंद्र यादव ने कहा कि भाजपा बिहार विधानसभा चुनाव 2020 को लड़ने के लिये पूरी तरह से तैयार है और बिहार आत्मनिर्भर बनने की ओर कदम बढ़ा रहा है। वहीं उन्होंने कहा कि बिहार को आत्मनिर्भर बनाने के लिये भाजपा भी तैयार है। बैठक को संबोधित करते हुये भूपेंद्र यादव ने लालू यादव, राबड़ी देवी की पूर्व सरकारों पर भी जमकर प्रहार किये। उन्होंने तेजस्वी यादव से कहा कि आपकी सरकारों ने आपने परिवार की संपत्ति में वृद्धि की और हमने तेजस्वी यादव जी बिहार के स्वास्थ्य बजट में वृद्धि की।
एनडीए की सरकार में 10 गुना बढ़ गया है बिहार का स्वास्थ्य बजट
भूपेंद्र यादव ने कहा कि साल 2005 में राजद राज में बिहार का स्वास्थ्य बजट 278 करोड़ रुपये था। उन्होंने कहा कि अब बिहार के हेल्थ बजट में करीब 10 गुना वृद्धि हो चुकी है। जो अब करीब 10 हजार करोड़ रुपये है। उन्होंने बताया कि राजद के शासन काल में बिहार में प्राइमरी हेल्थ केयर सेंटर सिर्फ 398 थे। जो अब सूबे में करीब 1500 पर पहुंच गये हैं। उन्होंने कहा कि राजद के राज में बिहार में महिला हेल्थ असिस्टेंट 479 ही थीं, जिनकी संख्या अब बिहार में बढ़कर 20000 से ज्यादा पर पहुंच गई है। एनडीए सरकार के 15 वर्षों के शासन में बिहार में बहुत कुछ बदलाव लाया है। लेकिन उन्हें दिखता नहीं है।
जनता की हर परिस्थिति में मदद करते हैं भाजपा कार्यकर्ता
भूपेंद्र यादव ने कहा कि भाजपा के लिए 'सेवा ही संगठन' है। हमारे संगठन का उद्देश्य ही जनता की सेवा है। हमारे कार्यकर्ता चुनौतियों से मुंह मोड़कर भागते नहीं हैं। बल्कि जनता के साथ और जनता के बीच में खड़े रहकर उनकी मदद करते हैं। उन्होंने कहा कि कुछ सियासी लोग बेबुनियाद आलोचना करते फिर रहे हैं। वहीं उन्होंने कहा कि जब जनता के बीच खड़ा होने की जरूरत थी तब वे कहां थे?