Bihar Assembly Election 2020: लड़कियों को 50 हजार तक की आर्थिक मदद देगी बिहार सरकार, नीतीश कुमार ने किया ऐलान
Bihar Assembly Election 2020: बिहार विधानसभा चुनाव को लेकर मोकामा रैली के दौरान नीतीश कुमार ने बड़ा ऐलान किया है। जानकारी मिल रही है कि नीतीश सरकार बिहार की लड़कियों को 50 हजार तक की आर्थिक मदद देगी।

जदयू अध्यक्ष नीतीश कुमार
Bihar Assembly Election 2020: बिहार विधानसभा चुनाव को लेकर मोकामा रैली के दौरान नीतीश कुमार ने बड़ा ऐलान किया है। जानकारी मिल रही है कि नीतीश सरकार बिहार की लड़कियों को 50 हजार तक की आर्थिक मदद देगी।
ये किया ऐलान
नीतीश कुमार ने अपने मोकामा रैली के दौरान ऐलान किया है कि बिहार सरकार इंटर पास करने पर लड़कियों को 25 हजार की आर्थिक मदद देगी। वहीं ग्रेजुएशन पूरा करने पर लड़कियों को 50 हजार के आर्थिक मदद का भी ऐलान किया गया है।
नीतीश कुमार के रैली की खास बातें
1. व्यक्तिगत रूप से मेरा आपसे अनुरोध है क्योंकि यहां से मेरा व्यक्तिगत रिश्ता है। जदयू के उम्मीदवार को इतना वोट दें कि रिकॉर्ड वोटों से जीतें।
2. आप ने हमें प्रतिष्ठा दी है, सम्मान दिया है, वही प्रतिष्ठा हम आपको, इस क्षेत्र को लौटाएंगे।
3. हम बिहार की संपत्ति बढ़ा रहे हैं, कुछ लोग अपनी संपत्ति बढ़ाने का काम करते हैं।
4. हर खेत तक सिंचाई का पानी पहुंचेगा। हर गांव की साफ सफाई का ख्याल रखा जाएगा, उनको स्वच्छ बनाएंगे। पशु और पशुपालक दोनों के इलाज की उत्तम व्यवस्था की जाएगी। नई टेक्नोलॉजी के माध्यम से उनके घर उनके दरवाजे तक स्वास्थ्य सुविधा पहुचायेंगे ।
5. सुलभ संपर्कता के माध्यम से ग्रामीण सड़कों को विशेष स्थानों से जोड़ा जाएगा। जिससे कम से कम समय में लोग जरूरी जगहों पर पहुंच सके। शहरों में ट्रैफिक की समस्या के लिए फ्लाईओवर व बायपास का निर्माण कराएंगे। निर्माण कार्यों का रखरखाव भी करेंगे ।
6. हमारे विद्यार्थी पहले बाहर पढ़ने के लिए जाते थे। इंजीनियरिंग, मेडिकल पढ़ने के लिए बाहर जाते थे। हमने राज्य में ही पढ़ने के लिए व्यवस्था की। संस्थान शुरू किए। स्टूडेंट्स को क्रेडिट कार्ड के माध्यम से सहायता दी।
7. इसी मोकामा में एक आठ - नौ साल के बच्चे ने मुझसे पूछा था- हम नय पढ़वय? आज हर ग्राम, हर पंचायत में स्कूल खुलवा दिया गया है। अनेक योजनाओं के तहत हर वर्ग के बच्चों को स्कूल तक पहुंचाया गया है।
8. जंगलराज खत्म कर कानून का राज स्थापित किया है। 12 करोड़ आबादी का राज्य बिहार आज अपराध में 23वें नंबर पर हैं।
9. हमारा काम देखकर बहुत लोगों को परेशानी होती है। वो लोग कुछ न कुछ उल्टा-पुल्टा करते रहते हैं लेकिन ये भूल जाते हैं कि उन पति - पत्नी के कार्यकाल में क्या हाल था?
10. हमारी भावना रही है न्याय के साथ विकास। हर क्षेत्र का हर तबके का विकास; महिला, अल्पसंख्यक, युवा, अतिपिछड़ा हर किसी के विकास के लिए हमने काम किया है।