Hari bhoomi hindi news chhattisgarh
toggle-bar

होली 2018: घर पर झटपट बनाएं ये 5 चटपटे पकवान

इन दिनों आप होली की तैयारी में जुटी होंगी। गुझिया, पापड़, मठरी और नमकपारे तो हर बार आप बनाती ही हैं। लेकिन आप चाहें तो इस बार कुछ अलग तरह की डिशेज भी बना सकती हैं।

होली 2018: घर पर झटपट बनाएं ये 5 चटपटे पकवान
X

इन दिनों आप होली की तैयारी में जुटी होंगी। गुझिया, पापड़, मठरी और नमकपारे तो हर बार आप बनाती ही हैं।

लेकिन आप चाहें तो इस बार कुछ अलग तरह की डिशेज भी बना सकती हैं।

इसीलिए इस बार हम लेकर आए हैं कुछ डिफरेंट डिशेज की रेसिपी। इनका लाजवाब स्वाद फैमिली मेंबर्स को ही नहीं मेहमानों को भी जरूर भाएगा।

चटपटी पापड़ कैनेपीज के लिए सामग्री

  • मिनी पापड़: मनचाही संख्या में
  • चने की नमकीन दाल
  • प्याज
  • टमाटर
  • हरा धनिया
  • धनिए की चटनी: आवश्यकतानुसार
  • नींबू: 1

विधि

  • पहले मिनी पापड़ गर्म तवे पर सेंक लें।
  • प्याज, टमाटर बारीक काट लें।
  • चने की नमकीन दाल में प्याज और टमाटर डालें।
  • हर पापड़ पर तैयार मिश्रण और धनिए की चटनी रखें।
  • हरे धनिए से सजाएं। अब ऊपर से नीबू निचोड़कर सर्व करें।

चुकंदर पकौड़ी कांजी के लिए सामग्री

  • चुकंदर: 1
  • पानी: 4 गिलास
  • नमक: स्वादानुसार
  • पिसी राई: 1 बड़ा चम्मच
  • बेसन: 1 कप
  • जीरा: 1/2 छोटा चम्मच
  • हींग: चुटकी भर
  • मीठा सोडा: 1/4 छोटा चम्मच
  • तेल: तलने के लिए

विधि

  • चुकंदर छीलकर आधे को कस लें और आधे की लंबी फांकें काट लें।
  • पानी में नमक, राई और चुकंदर की फांकें डालकर रख दें।
  • पकौड़ी बनाने के लिए बेसन में सोडा, हींग, स्वादानुसार नमक, जीरा और कसा चुकंदर मिलाएं।
  • आवश्यकतानुसार पानी मिलाकर गाढ़ा पेस्ट बना लें। कड़ाही में तेल गर्म करके तैयार पेस्ट की पकौड़िया तल लें।
  • नमक, राई और चुकंदर के पानी में पकौड़ियां डालकर दो-तीन दिन के लिए रख दें।
  • रोजाना एक दो बार चलाती रहें। तीसरे दिन कांजी तैयार हो जाएगी।

हरे-पीले टेस्टी स्टार्स के लिए सामग्री

  • मैदा: 200 ग्राम
  • सूजी: 50 ग्राम
  • नमक: स्वादानुसार
  • अजवायन: 1 छोटा चम्मच
  • हल्दी पावडर: 1/2 छोटा चम्मच
  • पालक पेस्ट: 1/2 कप
  • रिफाइंड ऑयल: आवश्यकतानुसार

विधि

  • मैदा, सूजी, नमक, अजवायन और 50 मिली. तेल मिलाकर मसलें।
  • अब इसे 2 बराबर भागों में बांट लें। एक भाग में पालक पेस्ट मिलाकर कड़ा गूंथ लें।
  • दूसरे भाग में हल्दी मिलाएं और थोड़ा-थोड़ा पानी डालकर कड़ा गूंथ लें।
  • तैयार मैदे को 10-15 मिनट तक गीले कपड़े से ढंककर रख दें।
  • अब हरे मैदे की बड़ी और चपटी पेड़ी बनाएं।
  • इसी तरह पीले मैदे की भी पेड़ी बना लें।
  • दोनों पेड़ियों को एक के ऊपर एक रखकर बेल लें।
  • अब इसे रोल कर लें। रोल को अच्छी तरह दबा लें जिससे बीच में छेद न रहे।
  • रोल की पेड़ियां बनाकर बेलें और स्टार शेप के कटर से काट लें।
  • कड़ाही में रिफाइंड तेल गरम करके मंदी आंच पर कुरकुरे होने तक स्टार्स तल लें।
  • कड़ाही से निकालकर गर्म या फिर ठंडे हरे-पीले स्टार्स सर्व करें।

हरे-भरे छोलिया पेड़े के लिए सामग्री

  • हरे छोलिया: 250 ग्राम
  • खोया: 150 ग्राम
  • पिसी चीनी: 250 ग्राम
  • घी: 50 ग्राम
  • बादाम: 50 ग्राम
  • खरबूजे की गिरी: 25 ग्राम
  • चांदी के वर्क: इच्छानुसार
  • खाने वाला हरा रंग: 2 बूंद

विधि

  • छोलिया को पीसकर पीठी बना लें।
  • खोया कस लें या अच्छी तरह मसल लें।
  • कड़ाही में घी गर्म करके छोलिया की पीठी और खोया इकट्ठा भून लें।
  • भूनते समय खरबूजे की गिरी भी डाल दें।
  • जब अच्छी तरह भुन जाए तब हरा रंग मिलाकर चलाएं।
  • आंच से उतारकर ठंडा होने दें।
  • पिसी चीनी मिलाकर पेड़ों का आकार दें।
  • चांदी के वर्क और बादाम से सजा दें।

थ्री इन वन कोकोनट बर्फी के लिए सामग्री

  • कसा हुआ नारियल: 1 कप
  • खोया: 1 कप
  • मैदा: 1 कप
  • चीनी: डेढ़ कप
  • घी: 1 बड़ा चम्मच
  • खाने वाला पीला और भूरा रंग: 1-1 छोटा चम्मच
  • कटे बादाम-पिस्ता: 1 बड़ा चम्मच
  • सिल्वर फॉयल: आवश्यकतानुसार

विधि

  • कड़ाही में घी गर्म करें और मैदे को भूनिए।
  • जब मैदा थोड़ा भूरा हो जाए तो मावा मिला दीजिए। हल्की आंच पर भूनिए।
  • कसा नारियल और चीनी मिलाकर थोड़ा और भूनें। कड़ाही को आंच से उतार लें।
  • तैयार मिश्रण के तीन भाग करें। एक में पीला रंग और एक में भूरा रंग मिलाएं।
  • चिकनाई लगी ट्रे पर पहले बगैर रंग वाला मिश्रण जमाएं।
  • उसके ऊपर क्रम से पीला और भूरा मिश्रण फैलाएं।
  • सिल्वर फॉयल लगाकर बादाम-पिस्ता से सजाएं।

और पढ़े: Haryana News | Chhattisgarh News | MP News | Aaj Ka Rashifal | Jokes | Haryana Video News | Haryana News App

और पढ़ें
Next Story