जम्म-कश्मीर में आतंकियों ने भाजपा कार्यकर्ता को मारी गोली, 5 दिनों में तीसरी घटना
जम्मू कश्मीर भाजपा के प्रवक्ता अल्ताफ ठाकुर ने भारतीय जनता पार्टी ओबीसी मोर्चा के बडगाम अध्यक्ष हामिद पर गोलीबारी की कड़ी निंदा की है।

जम्मू कश्मीर में आतंकवादी लगातार नेताओं और पार्टी कार्यकर्ताओं को अपना निशाना बना रहे हैं। मध्य कश्मीर के बडगाम जिले में आतंकवादियों ने मॉर्निंग वॉक पर निकले भाजपा कार्यकर्ता को गोली मार दी। मिली जानकारी के मुताबिक भाजपा कार्यकर्ता अब्दुल हामिद नजर मोहिंदपोरा के रहने वाले हैं। भाजपा कार्यकर्ता के परिजनों ने पत्रकारों से बातचीत के दौरान कहा कि आतंकियों ने रेलवे स्टेशन के पास उस पर तब गोलीबारी की जब वे मॉर्निंग वॉक के लिए गया हुआ था।
मिली जानकारी के मुताबिक आतंकवादियों ने भाजपा कार्यकर्ता हामिद के पेट ने गोली मारी है। जिसके बाद हामिद को गंभीर हालत में एसएमएचएस अस्पताल में भर्ती कराया गया। जहां उसकी हालत नाजुक बनी हुई है। जम्मू कश्मीर भाजपा के प्रवक्ता अल्ताफ ठाकुर ने भारतीय जनता पार्टी ओबीसी मोर्चा के बडगाम अध्यक्ष हामिद पर गोलीबारी की कड़ी निंदा की है। अल्ताफ ठाकुर ने इस घटना को अमानवीय और आतंकियों की बर्बर कार्रवाई करार दिया है।
अल्ताफ ठाकुर का कहना है कि हामिद जैसे निहत्थे लोगों पर हमला कायरता दिखाते है।उन्होंने पुलिस से जल्द हमलावरों को ट्रैक कर उन्हें सजा देने का अनुरोध किया है। जानकारी के लिए आपको बता दें कि बीते 5 दिनों में जम्मू कश्मीर में भाजपा नेता या कार्यकर्ता पर यह तीसरा हमला है।