RPSC RAS Result OUT: राजस्थान लोक सेवा आयोग (RPSC) ने राजस्थान प्रशासनिक सेवा (RAS) भर्ती 2024 का अंतिम परिणाम जारी कर दिया है। लंबे समय से इंतजार कर रहे अभ्यर्थी अब आयोग की आधिकारिक वेबसाइट rpsc.rajasthan.gov.in पर जाकर अपना रिजल्ट चेक कर सकते हैं। इस बार बाड़मेर के दिनेश ने टॉप कर प्रदेश का नाम रोशन किया है।
इस भर्ती प्रक्रिया के तहत कुल 1,096 पदों पर चयन किया गया है, जिसमें 428 पद राज्य सेवाओं और 668 पद अधीनस्थ सेवाओं के लिए निर्धारित थे। चयन पूरी तरह मेरिट के आधार पर किया गया है।
आरएएस भर्ती प्रक्रिया तीन चरणों प्रारंभिक परीक्षा, मुख्य परीक्षा और साक्षात्कार में पूरी हुई। प्रारंभिक परीक्षा का परिणाम 20 फरवरी 2025 को जारी किया गया था, जिसमें 21,541 अभ्यर्थियों को मुख्य परीक्षा के लिए सफल घोषित किया गया। इसके बाद 17 और 18 जून 2025 को आयोजित मुख्य परीक्षा में 17,964 अभ्यर्थी शामिल हुए। मुख्य परीक्षा का परिणाम 8 अक्टूबर 2025 को जारी किया गया, जिसके बाद सफल उम्मीदवारों को इंटरव्यू के लिए बुलाया गया। साक्षात्कार प्रक्रिया 1 अप्रैल 2025 से शुरू होकर विभिन्न चरणों में पूरी हुई।
आयोग के अनुसार, 10 अभ्यर्थियों का परिणाम फिलहाल रोका गया है। इनमें 5 मामलों में प्रक्रिया जारी है, जबकि 3 अभ्यर्थियों के मामले न्यायालय में लंबित होने के कारण रिजल्ट रोका गया है। दो अभ्यर्थियों के परिणाम रोकने के कारण स्पष्ट नहीं किए गए हैं।
इस बार की मेरिट लिस्ट में चार लड़कियों ने भी जगह बनाई है, जो महिला अभ्यर्थियों की बढ़ती भागीदारी को दर्शाता है। परिणाम जारी होने के बाद सफल उम्मीदवारों में खुशी का माहौल है। कई अभ्यर्थियों ने अपनी सफलता का श्रेय परिवार और शिक्षकों को दिया है।
आरएएस परीक्षा को राज्य की सबसे प्रतिष्ठित प्रतियोगी परीक्षाओं में गिना जाता है, ऐसे में इस सफलता को अभ्यर्थियों के लिए बड़ी उपलब्धि माना जा रहा है। वहीं, जो उम्मीदवार इस बार चयनित नहीं हो सके, वे अगली परीक्षा की तैयारी में जुट गए हैं।
ऐसे करें RAS Result 2024 डाउनलोड
- सबसे पहले RPSC की आधिकारिक वेबसाइट rpsc.rajasthan.gov.in पर जाएं
- होमपेज पर “RAS 2024 Final Result” लिंक पर क्लिक करें
- अब रिजल्ट PDF फाइल के रूप में खुलेगा
- अपना रोल नंबर सर्च करने के लिए Ctrl+F का इस्तेमाल करें
- भविष्य के लिए रिजल्ट डाउनलोड कर लें