झारखंड में सरकारी नौकरी की तैयारी कर रहे अभ्यर्थियों के लिए सुनहरा मौका है। झारखंड लोक सेवा आयोग (JPSC) ने उच्च एवं तकनीकी शिक्षा विभाग के अंतर्गत सरकारी पॉलिटेक्निक और सरकारी महिला पॉलिटेक्निक संस्थानों में लेक्चरर के 355 पदों पर भर्ती के लिए अधिसूचना जारी कर दी है। इच्छुक और योग्य उम्मीदवार आधिकारिक वेबसाइट jpsc.gov.in के माध्यम से ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं। आवेदन जमा करने की अंतिम तिथि 12 मार्च 2026 तय की गई है।
आयोग ने स्पष्ट किया है कि ऑनलाइन आवेदन और शुल्क भुगतान निर्धारित समयसीमा के भीतर करना अनिवार्य है। साथ ही अभ्यर्थियों को आवेदन की हार्ड कॉपी आवश्यक दस्तावेजों के साथ मार्च के अंत तक आयोग कार्यालय में जमा करनी होगी। समयसीमा के बाद प्राप्त आवेदन स्वीकार नहीं किए जाएंगे।
शैक्षणिक योग्यता की बात करें तो इंजीनियरिंग या प्रौद्योगिकी विषयों के लिए संबंधित शाखा में बीई/बीटेक/बीएस डिग्री प्रथम श्रेणी (First Class) या समकक्ष अंकों के साथ होना जरूरी है। चयन के समय भी उसी विषय में स्नातक या स्नातकोत्तर डिग्री प्रथम श्रेणी में होना अनिवार्य रहेगा। वहीं विज्ञान और मानविकी विषयों के लिए संबंधित विषय में प्रथम श्रेणी के साथ स्नातकोत्तर डिग्री आवश्यक है। इसके साथ ही UGC या CSIR द्वारा आयोजित NET परीक्षा पास होना जरूरी है। UGC द्वारा मान्यता प्राप्त SLET/SET जैसी समकक्ष परीक्षा उत्तीर्ण अभ्यर्थी भी आवेदन कर सकते हैं।
यह भर्ती झारखंड के तकनीकी शिक्षा संस्थानों में योग्य शिक्षकों की नियुक्ति के उद्देश्य से की जा रही है। अभ्यर्थियों को सलाह दी जाती है कि आवेदन करने से पहले विस्तृत अधिसूचना ध्यानपूर्वक पढ़ लें और सभी पात्रता शर्तों को सुनिश्चित कर लें।
