BPSC AEDO Recruitment 2026: बिहार लोक सेवा आयोग (BPSC) शुक्रवार से सहायक शिक्षा विकास पदाधिकारी (AEDO) परीक्षा के प्रवेश पत्र आधिकारिक वेबसाइट पर जारी कर देगा। अभ्यर्थी कल से अपना एडमिट कार्ड डाउनलोड कर सकेंगे।
एक पद पर 1176 उम्मीदवारों में जंग
आयोग के अनुसार, 935 पदों के लिए कुल 11 लाख अभ्यर्थियों ने आवेदन किया है। आंकड़ों के लिहाज से देखें तो एक पद के लिए करीब 1176 उम्मीदवार कतार में हैं, जिससे मुकाबला काफी कड़ा हो गया है।
38 जिलों में बनाए गए 746 केंद्र
इतनी बड़ी संख्या में आवेदकों को देखते हुए बिहार के सभी 38 जिलों में कुल 746 परीक्षा केंद्र बनाए गए हैं। आयोग ने सुचारू परीक्षा संचालन के लिए व्यापक सुरक्षा इंतजाम किए हैं।
6 दिनों तक चलेगी परीक्षा
यह भर्ती परीक्षा 14, 15, 17, 18, 20 और 21 अप्रैल को आयोजित की जाएगी। अलग-अलग तिथियों के अनुसार परीक्षा केंद्र के कोड और नाम की विस्तृत जानकारी वेबसाइट पर उपलब्ध कराई जाएगी।
ढाई घंटे पहले पहुंचना होगा केंद्र
अभ्यर्थियों को परीक्षा शुरू होने से ढाई घंटे पहले केंद्र पर पहुंचना होगा। ध्यान रहे कि परीक्षा शुरू होने के एक घंटा पहले ही गेट बंद कर दिए जाएंगे, जिसके बाद प्रवेश की अनुमति नहीं होगी।
एडमिट कार्ड की एक एक्स्ट्रा कॉपी जरूरी
आयोग ने निर्देश दिया है कि अभ्यर्थी ई-प्रवेश पत्र की एक अतिरिक्त फोटोकॉपी साथ रखें। इसे परीक्षा हॉल में वीक्षक के सामने हस्ताक्षर कर उन्हें सौंपना अनिवार्य होगा।
NTET के लिए आवेदन की तारीख बढ़ी
दूसरी ओर, एनटीए (NTA) ने नेशनल टीचर एलिजिबिलिटी टेस्ट (NTET) के लिए आवेदन की तिथि बढ़ा दी है। अब उम्मीदवार 7 अप्रैल की रात 9 बजे तक ऑनलाइन फॉर्म भर सकेंगे।
एनटीईटी के लिए फीस भी अब 7 अप्रैल तक जमा की जा सकेगी। वहीं, अगर आवेदन में कोई गलती हो गई है, तो उसमें सुधार करने के लिए 8 और 9 अप्रैल का समय दिया गया है।