झारखंड विधानसभा : लातेहार में गरजे अमित शाह, कहा, राम मंदिर मामला कांग्रेस की वजह से लटका
झारखंड के लातेहार में अमित शाह ने रैली को संबोधित करते हुए विपक्षी पार्टियों पर जमकर निशाना साधा। उन्होंने अयोध्या मंदिर के मसले को हवा दी।

झारखंड में विधानसभा चुनाव (Jharkhand Assembly Election) में हर पार्टी के बड़े नेता अपनी पार्टी को बहुमत दिलाने के लिए प्रचार में जोरशोर से लगे हुए हैं। बृहस्पतिवार को भाजपा अध्यक्ष व गृहमंत्री अमित शाह ने प्रदेश के लातेहार में रैली की। इस दौरान उन्होंने राम मंदिर का मुद्दा उठाया और कांग्रेस को जमकर कोसा।
लातेहार के मनिका में रैली को संबोधित करते हुए अमित शाह ने कहा कि हर कोई चाहता है कि अयोध्या में राम मंदिर बनना चाहिए। लेकिन कांग्रेस ने इस मसले को लगातार लटकाए रखा, अब जब सुप्रीम कोर्ट ने ऐतिहासिक फैसला दे दिया है। जल्द ही वहां आसमान छूती मंदिर का निर्माण करवाया जाएगा।
रैली के दौरान उन्होंने कांग्रेस व जेएमएम को निशाने पर लेकर जमकर लताड़ा। उन्होंने जनता से कहा कि आपका एक वोट झारखंड के विकास के नाम होना चाहिए, ये बिल्कुल मत सोचिए कि आप किस मंत्री, विधायक या मुख्यमंत्री को चुनने जा रहे हैं। विकास के नाम पर वोट दीजिए।
अमित शाह ने कहा कि पिछले चुनाव प्रचार के दौरान आपने हमारी बातों पर भरोसा करते हुए पूर्ण बहुमत दिया, हम झारखंड को विकास के रास्ते पर ले गए। एकबार फिर से आप सभी से उम्मीद है कि एक बार फिर से सरकार बनवाइए ताकि रघुवर सरकार झारखंड को विकास के रास्ते पर आगे बढ़ा सके।
मोदी सरकार की तारीफ करते हुए उन्होंने कहा कि पीएम मोदी ने आदिवासी भाईयों-बहनों के लिए काफी काम किया है। उन्होंने पिछले पांच सालों में आदिवासियों के गौरव को बढ़ाने के लिए कोई कोर कसर नहीं छोड़ी। उन्होंने डिस्ट्रिक्ट मिनरल फंड का गठन किया है जिसके तहत आदिवासी भाइयों बहनों के विकास के लिए 32 हजार करोड़ रुपए दिए गए।
और पढ़े: Haryana News | Chhattisgarh News | MP News | Aaj Ka Rashifal | Jokes | Haryana Video News | Haryana News App