हिमाचल के 13वें CM होंगे जयराम, 27 को मंत्रिमंडल के साथ लेंगे शपथ
हिमाचल प्रदेश में भाजपा ने 68 सीटों में से 44 सीटों पर जीत दर्ज कर कांग्रेस को सत्ता से बाहर कर दिया है।

जयराम ठाकुर को हिमाचल में भारतीय जनता पार्टी के विधायक दल का नेता चुना गया। इसके बाद उनका मुख्यमंत्री बनने का रास्ता साफ हो गया है। भाजपा विधायकों की बैठक में यह निर्णय लिया गया।
सुरेश भारद्वाज और महेन्द्र सिंह ने ठाकुर के नाम का प्रस्ताव किया और अन्य सदस्यों ने उनके नाम का अनुमोदन किया। पूर्व मुख्यमंत्री प्रेम कुमार धूमल कल रात मुख्यमंत्री पद की दौड़ से बाहर हो गए। वहीं, मंडी जिले के सेराज से विधायक ठाकुर और केंद्रीय मंत्री जेपी नड्डा मुख्यमंत्री पद के प्रमुख दावेदार बने हुए थे।
इसे भी पढ़ें- हिमाचल के नए CM जयराम ठाकुर का पूरा प्रोफाइल, जानिए साधना सिंह से क्या है संबंध
नवनिर्वाचित विधायकों के बीच आम सहमति नहीं बन पाने के कारण दो केन्द्रीय पर्यवेक्षकों केन्द्रीय मंत्री निर्मला सीमारमण और नरेन्द्र सिंह तोमर को इस मुद्दे को केन्द्रीय नेतृत्व के साथ दोबारा विचार विमर्श करने के लिए शिमला से दिल्ली लौटना पड़ा।
केन्द्रीय पर्यवेक्षकों का दो सदस्यीय दल राज्य में 21 और 22 दिसंबर को मौजूद था और उन्होंने राज्य भाजपा की कोर कमेटी के सदस्यों, सांसदों और कुछ विधायकों की राय ली थी। गौरतलब है कि भाजपा ने 68 सीटों में से 44 सीटों पर जीत दर्ज कर कांग्रेस को सत्ता से बाहर कर दिया है।
बोले ठाकुर, सपना साकार
जयराम ठाकुर ने कहा, मैं नरेंद्र तोमर, निर्मला सीतारमण, जेपी नड्डा जी, प्रेम कुमार धूमल, शांता कुमार, हेमंत पांडे, पवन राणा और विधायकों का धन्यवाद करता हूं। हिमाचल कांग्रेस मुक्त हुआ। मैं नरेंद्र मोदी, अमित शाह को धन्यवाद देता हूं।
शपथग्रहण समारोह
जयराम ठाकुर 27 दिसंबर को हिमाचल प्रदेश के मुख्यमंत्री के रूप में शपथ लेंगे। जयराम ठाकुर हिमाचल के 13वें मुख्यमंत्री होंगे। जयराम ठाकुर अपने नए मंत्रिमंडल के साथ शपथ लेंगे।
और पढ़े: Haryana News | Chhattisgarh News | MP News | Aaj Ka Rashifal | Jokes | Haryana Video News | Haryana News App